*मुराछ में रेत विवाद के बाद अब दुर्गा मंडल समिति की शिकायत, दूसरे पक्ष आया सामने अवैध शराब बिक्री मारपीट और धमकी के आरोप, देखिये क्या कहा पोलखोल पर दूसरे पक्ष ने !*

नरसिंहपुर। 26 सितम्बर 2026 ठेमी थाना क्षेत्र के ग्राम मुराछ में रेत विवाद के बाद सामने आए मारपीट के मामले में अब दूसरा पक्ष भी पुलिस अधीक्षक के समक्ष शिकायत लेकर पहुंचा है। युवा दुर्गा मंडल समिति मुराछ की ओर से दिए गए आवेदन में टीकाराम लोधी, रेवती बाई, इमरत लोधी और विजय लोधी सहित चार लोगों पर गाली-गलौज, रास्ता रोककर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं।

शिकायत के अनुसार, गांव में नवरात्रि उत्सव की तैयारियों को लेकर दुर्गा मंडल समिति एवं ग्रामीणों की बैठक चल रही थी। समिति द्वारा नवरात्रि के नौ दिनों के दौरान गांव में शराब की बिक्री नहीं होने देने का निर्णय लिए जाने की बात आवेदन में कही गई है। आरोप है कि इस निर्णय की जानकारी मिलने के बाद संबंधित लोगों ने कथित रूप से विवाद किया और समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों के साथ गाली-गलौज की।

आवेदन में आगे आरोप लगाया गया है कि दुर्गा मंडल के सदस्य राजा लोधी, बसंत लोधी, हरिओम लोधी, पुष्पेंद्र लोधी और छोटे लोधी ट्रैक्टर से समतलीकरण का सामान लेने जा रहे थे। इसी दौरान पानी की टंकी के पास रास्ता रोककर राजा लोधी के साथ रॉड से मारपीट किए जाने का आरोप है। बीच-बचाव करने पहुंचे हरिओम लोधी के साथ भी लाठी से मारपीट का आरोप लगाया गया है।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपितों द्वारा धमकी दी गई और शराब बिक्री को लेकर कथित रूप से पुलिस को हर महीने ₹40 हजार देने की बात कही गई। हालांकि, पुलिस को राशि दिए जाने संबंधी इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

👉 गौरतलब है कि 25 सितंबर को इसी गांव से दूसरे पक्ष की ओर से भी पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी गई थी, जिसमें करीब 60-70 लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने और रेत पकड़े जाने के बाद विवाद का आरोप लगाया गया था।

उस शिकायत में भी पुलिस से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की गई थी।

अब दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद मुराछ का विवाद दोतरफा शिकायतों के रूप में सामने आया है। दोनों पक्षों के आरोप फिलहाल शिकायतों पर आधारित हैं।

मामले में पुलिस जांच, उपलब्ध वीडियो/अन्य साक्ष्यों और दोनों पक्षों के बयान के बाद ही घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

नरसिंहपुर: सिंहपुर बड़ा की बड़ी संख्या में महिलाएं कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं, सालों से निवासरत परिवारों ने मांगे आवासीय पट्टे! जनसुनवाई में उठी आवासीय पट्टे की मांग, प्रशासन से जल्द कार्रवाई की अपील। 📹 पूरी खबर देखिए- पोलखोल न्यूज़ पर।

error: Content is protected !!