नरसिंहपुर। 20 जून 2026 जिले में अपराधियों एवं न्यायालयीन वारंटियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत नरसिंहपुर पुलिस ने जमानत पर रिहा हुए आरोपी सूरज पटेल को 3 लाख रुपये के चेक बाउंस प्रकरण में जारी स्थायी वारंट के आधार पर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार, सूरज पटेल ने जबलपुर निवासी एक व्यापारी से 3 लाख रुपये उधार लिए थे। उधार राशि के बदले दिया गया चेक बैंक में प्रस्तुत करने पर बाउंस हो गया। इसके बाद व्यापारी ने न्यायालय की शरण ली, जहां सुनवाई के उपरांत जेएमएफसी न्यायालय, जबलपुर ने आरोपी के विरुद्ध धारा 138 एनआई एक्ट के तहत स्थायी वारंट जारी किया।
गौरतलब है कि 14 जून 2026 को वाहन चेकिंग के दौरान सूरज पटेल की कार में नियम विरुद्ध काली फिल्म पाए जाने पर पुलिस चालानी कार्रवाई कर रही थी। इस दौरान आरोपी पर शासकीय कार्य में बाधा डालने और पुलिस कर्मियों से अभद्रता करने का आरोप लगा, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था और वहां से जेल भेज दिया गया था।
इसी बीच थाना ठेमी पुलिस को चेक बाउंस मामले में जारी स्थायी वारंट प्राप्त हुआ। पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। जैसे ही सूचना मिली कि आरोपी 19 जून 2026 को जमानत पर रिहा हुआ है, पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया और विधिवत न्यायालय में पेश किया।
पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई स्पष्ट संदेश है कि कानून से बचने का प्रयास करने वाले आरोपियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।








