नरसिंहपुर। 10 अक्टूबर 2026जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और सप्लाई पर अंकुश लगाने के लिए नरसिंहपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन ईगल क्लॉ” के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने स्मैक सप्लाई नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से 500 ग्राम अवैध स्मैक, दो मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जब्त मशरूके की कुल अनुमानित कीमत लगभग 52 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी नरसिंहपुर डी.पी.एस. चौहान के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।
दो आरोपियों से 500 ग्राम स्मैक बरामद
पुलिस के मुताबिक, 7 अक्टूबर 2026 को सांकल रोड स्थित नहर के पास से तुलसी विश्वकर्मा (48), निवासी नयागांव, थाना ठेमी को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 270 ग्राम स्मैक बरामद की गई। इसके बाद 8 अक्टूबर को सांकल रोड स्थित कचरा घर के पास से तरवर लडिया (35), निवासी नयागांव, थाना ठेमी को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 230 ग्राम स्मैक जब्त की गई।
दोनों आरोपियों से पूछताछ के दौरान पुलिस को कथित मुख्य सप्लायर विकास उर्फ मांगीलाल तंवर के संबंध में जानकारी मिली। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने उससे सीमावर्ती क्षेत्र में स्मैक खरीदने की बात बताई। इसके आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए विकास उर्फ मांगीलाल को राजस्थान की सीमा से लगे क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
सप्लाई नेटवर्क और संपर्कों की जांच जारी
पुलिस के अनुसार, कथित मुख्य सप्लायर ग्राहकों को अन्य जिलों और सीमावर्ती क्षेत्रों में बुलाकर मादक पदार्थ उपलब्ध कराता था, ताकि पुलिस की निगरानी से बच सके। मामले में सप्लाई नेटवर्क, संभावित सहयोगियों और वित्तीय लेन-देन की जांच की जा रही है।
गिरफ्तार तीनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी भी साझा की है। हालांकि, सभी आरोपों का अंतिम निर्धारण न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगा।
नशे के कारोबार से अर्जित संपत्ति की भी जांच
पुलिस के मुताबिक, मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन की जांच की जा रही है। पात्र मामलों में सफेमा एक्ट के तहत संपत्ति की कुर्की या जब्ती की वैधानिक प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
पुलिस ने यह भी बताया कि 16 जनवरी 2026 को सुआतला थाना क्षेत्र में गांजा तस्करी के एक मामले में चार आरोपियों से संबंधित लगभग एक करोड़ रुपये की कथित संपत्ति की जांच के बाद सफेमा एक्ट के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है।
ओडिशा से गांजा सप्लायर गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र में 19 सितंबर 2026 को एक चारपहिया वाहन से 53 किलोग्राम गांजा जब्त कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में गांजे के कथित स्रोत के रूप में ओडिशा निवासी पेटा सोबर उर्फ सुमनता रायका का नाम सामने आया।
इसके बाद विशेष पुलिस टीम ने ओडिशा में कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार किया।
एक साल में नशे के खिलाफ कार्रवाई के आंकड़े
नरसिंहपुर पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, वर्ष 2025 और 2026 में अब तक स्मैक के 114 मामलों में 181 आरोपियों से 2,489 ग्राम स्मैक तथा गांजे के 127 मामलों में 170 आरोपियों से 737 किलोग्राम गांजा और 452 गांजे के पौधे जब्त किए गए हैं। पुलिस ने इन जब्त मादक पदार्थों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 3 करोड़ 91 लाख रुपये बताई है।
वर्ष 2026 में अब तक मादक पदार्थों से संबंधित कार्रवाई के दौरान 31 दोपहिया और चार चारपहिया वाहन भी जब्त किए जाने की जानकारी दी गई है।
देखिए पूरी खबर: नरसिंहपुर पुलिस की इस कार्रवाई और जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को लेकर पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना ने क्या जानकारी दी? देखिए पोलखोल न्यूज़ पर पूरी रिपोर्ट।








