श्मशान घाट के पास पुलिस का छापा, 27.50 ग्राम स्मैक के साथ आरोपी गिरफ्तार

नरसिंहपुर ! 27 जून 2026 गाडरवारा (नरसिंहपुर)। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन ईगल क्लॉ” के तहत गाडरवारा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 27.50 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब ₹2.75 लाख बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में जिलेभर में नशे के कारोबार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया एवं एसडीओपी गाडरवारा ललित सिंह डागुर के मार्गदर्शन में थाना गाडरवारा पुलिस ने 24 जून की रात करीब 11:25 बजे श्मशान घाट के पास दबिश देकर एक संदिग्ध को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 27.50 ग्राम स्मैक पाउडर बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेख मजीद (52 वर्ष), निवासी नरसिंह वार्ड, करेली, जिला नरसिंहपुर के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी स्मैक कहां से लाता था और इसकी सप्लाई किन लोगों तक करता था।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक सिंह चौहान के नेतृत्व में उप निरीक्षक गजराज सिंह ठाकुर सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!