नरसिंहपुर। 7 अक्टूबर 2026 जनसुनवाई में तेंदूखेड़ा तहसील के ग्राम सर्रा निवासी किसान खेत सिंह धानक ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि पिछले करीब दो वर्षों से नहीं मिलने की शिकायत कलेक्टर से की है। किसान ने आवेदन के माध्यम से राशि दोबारा दिलाए जाने की मांग की है।
आवेदन के अनुसार किसान की जमीन ग्राम सर्रा, तहसील तेंदूखेड़ा में स्थित है और राजस्व अभिलेखों में उसके नाम दर्ज है। किसान का कहना है कि उसे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 17 किश्तें प्राप्त हो चुकी हैं, लेकिन इसके बाद करीब दो वर्षों से उसके खाते में योजना की राशि नहीं आई है।
किसान के मुताबिक, इस संबंध में उसने पटवारी एवं तहसीलदार से भी संपर्क किया, लेकिन उसे कलेक्टर से संपर्क करने की बात कही गई। लगातार राशि नहीं मिलने से परेशान किसान ने 4 सितंबर 2026 की जनसुनवाई में कलेक्टर के समक्ष आवेदन देकर मामले की जांच करवाने और पात्रता के अनुसार लंबित राशि दिलाए जाने की मांग की है।
किसान ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि उसके प्रकरण की जांच कर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि पुनः दिलाने की कार्रवाई की जाए।
नोट: किसान द्वारा लगाए गए आरोप एवं आवेदन में दी गई जानकारी के आधार पर यह मामला सामने आया है। योजना की राशि किस कारण से बंद हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि संबंधित विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।








