नरसिंहपुर। 26 नवंबर 2026
जिले में मारपीट और लूटपाट का गंभीर आरोप सामने आया है। ग्राम खैरूआ निवासी रामकिशोर लोधी ने पुलिस अधीक्षक नरसिंहपुर को आवेदन सौंपकर अपने पुत्र अभिषेक लोधी के साथ मारपीट एवं लूट की घटना की शिकायत की है। साथ ही कोतवाली पुलिस पर शिकायत दर्ज नहीं करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत आवेदन के अनुसार, 23 नवंबर 2026 की रात करीब 8 बजे अभिषेक लोधी अपने साथी मनोज ठाकुर के साथ ग्राम उमरिया से खैरूआ लौट रहा था। इसी दौरान कठोतिया वेयरहाउस के पास सड़क पर अमर पाल उर्फ गोलू पाल एवं उसके दो अन्य साथियों द्वारा कथित तौर पर रास्ता रोककर अभिषेक के साथ झूमाझटकी और मारपीट की गई। आवेदक का आरोप है कि इस दौरान उसके पुत्र के पास रखे 2 लाख 40 हजार रुपये नकद, सोने की चेन, सोने की अंगूठी और चांदी की अंगूठी लूट ली गई।
आवेदन में आगे बताया गया कि घटना की जानकारी मिलने पर रामकिशोर लोधी मौके पर पहुंचे और बातचीत करने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि वहां 8 से 10 अन्य लोगों को बुला लिया गया, जिसके बाद पिता-पुत्र के साथ लोहे की रॉड और पाइप से मारपीट की गई। इस घटना में रामकिशोर के बाएं पैर, कंधे और हाथ में चोटें आईं, जबकि अभिषेक के दाहिने पैर, हाथ और पीठ में चोट लगने की बात आवेदन में कही गई है।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के बाद वे उसी रात कोतवाली नरसिंहपुर रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे, लेकिन उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई और देर रात तक बैठाए रखने के बाद सुबह आने को कहा गया। आवेदक ने यह भी आरोप लगाया है कि अगले दिन 24 नवंबर को दोबारा थाना पहुंचने पर भी रिपोर्ट दर्ज करने में टालमटोल की गई। पिता-पुत्र ने सरकारी अस्पताल में उपचार कराने की बात भी आवेदन में कही है।
मामले को लेकर रामकिशोर लोधी ने 25 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक नरसिंहपुर को लिखित आवेदन सौंपकर कथित मारपीट एवं लूट की घटना में शामिल लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
अब सवाल यह है कि पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस क्या कार्रवाई करती है और पूरे मामले में पुलिस का पक्ष क्या सामने आता है?
यह समाचार शिकायत आवेदन में लगाए गए आरोपों पर आधारित है।
संबंधित पक्षों एवं पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।
पोल खोल न्यूज़ | निष्पक्ष • निर्भीक








