नरसिंहपुर। 6 सितंबर 2026 नगर की अरमान नगर कॉलोनी में शिक्षक हरिओम दुबे के निवास पर आयोजित साप्ताहिक संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ महोत्सव में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। कथा के छठवें दिन रविवार को कथा व्यास पंडित अंबिका प्रसाद उपाध्याय ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, माखन चोरी, कालिया मर्दन और गोवर्धन पूजा का भावपूर्ण एवं संगीतमय वर्णन किया।
गोवर्धन पूजा प्रसंग पर कथा व्यास ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्र के मान-मर्दन के साथ प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से गोवर्धन पर्वत की पूजा कराई थी। उन्होंने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण ही मानव जीवन के पोषण का प्रमुख आधार हैं, इसलिए इनका संरक्षण प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है।
कथा के दौरान पूतना वध और माखन चोरी लीला का आध्यात्मिक महत्व भी समझाया गया। उन्होंने कहा कि भगवान भाव के भूखे हैं। जो व्यक्ति छल-कपट छोड़कर सच्चे मन और प्रेम से प्रभु को पुकारता है, भगवान उसके हृदय में वास करते हैं।
गोवर्धन लीला और माखन चोरी का भजनों के माध्यम से सजीव वर्णन हुआ तो पूरा कथा पंडाल “राधे-राधे” और “गोवर्धन गिरधारी की जय” के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालु भक्ति गीतों की मधुर धुन पर झूमते नजर आए।
आयोजक शिक्षक हरिओम दुबे एवं उनके परिवार द्वारा कथा व्यास पंडित अंबिका प्रसाद उपाध्याय का माल्यार्पण कर विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। कथा के समापन पर भगवान को छप्पन भोग अर्पित कर आरती की गई। इसके बाद उपस्थित श्रद्धालुओं को महाप्रसाद का वितरण किया गया।
धार्मिक आयोजन में अरमान नगर कॉलोनी सहित नगर के बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी नागरिक एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।








