नरसिंहपुर। 6 सितंबर 2026। सागर जिले में कथित जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद अब नरसिंहपुर जिले में भी अवैध शराब की बिक्री और कच्ची शराब बनाए जाने को लेकर सवाल उठने लगे हैं। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में अवैध रूप से शराब की बिक्री और कुछ स्थानों पर कच्ची शराब तैयार किए जाने के आरोप सामने आ रहे हैं।
स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी और लोगों द्वारा लगाए जा रहे आरोपों के मुताबिक, हजरतगंज क्षेत्र में नदी किनारे, थाना कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत कच्ची शराब बनाए जाने की बात कही जा रही है। वहीं स्टेशन क्षेत्र में वन विभाग कार्यालय के सामने, शराब दुकान के आसपास तथा रेलवे क्रॉसिंग के नजदीक भी कच्ची शराब तैयार किए जाने के आरोप लगाए जा रहे हैं।
इसी तरह खमरिया रोड के ईरान गांव, बचई शुगर मिल के सामने, भटियाटोला क्षेत्र, मेन रोड क्षेत्र और कपूरा हाईवे क्षेत्र में भी अवैध रूप से शराब बेचने और कुछ स्थानों पर शराब पिलाए जाने के आरोप स्थानीय लोगों की ओर से लगाए जा रहे हैं।
हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि होना अभी बाकी है। ऐसे में यह बड़ा सवाल है कि यदि इन स्थानों पर वास्तव में अवैध शराब का कारोबार संचालित हो रहा है, तो संबंधित विभागों की निगरानी और कार्रवाई किस स्तर पर है?
सागर की घटना के बाद अवैध और जहरीली शराब को लेकर प्रशासन की सक्रियता पर विशेष जोर दिया जा रहा है। ऐसे में नरसिंहपुर जिले में भी आबकारी विभाग और पुलिस द्वारा इन शिकायतों की जांच कर प्रभावी कार्रवाई किए जाने की जरूरत महसूस की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले में बताए गए स्थानों के अलावा भी अन्य कई जगहों पर अवैध शराब की बिक्री या शराब पिलाए जाने की गतिविधियां हो सकती हैं। ऐसे में प्रशासन यदि व्यापक स्तर पर जांच अभियान चलाए तो स्थिति और वास्तविकता सामने आ सकती है।
अब सवाल यह है कि क्या नरसिंहपुर पुलिस और आबकारी विभाग इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित स्थानों की जांच करेगा? यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की उम्मीद की जा रही है।
नोट: समाचार में उल्लेखित आरोप स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी पर आधारित हैं। संबंधित स्थानों और गतिविधियों की आधिकारिक पुष्टि जांच एवं प्रशासनिक कार्रवाई के बाद ही मानी जाएगी। संबंधित पुलिस एवं आबकारी विभाग का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी समाचार में प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।








