नरसिंहपुर। 29 जून. 2026 जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों की सुविधा और बेहतर व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए सोमवार, 29 जून से लंबे समय बाद पुनः गेट पास व्यवस्था लागू कर दी गई है।
नई व्यवस्था के अनुसार, भर्ती मरीज से मिलने के लिए केवल एक अटेंडर को गेट पास के माध्यम से प्रवेश दिया जाएगा। मरीजों से मिलने का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा शाम 4 बजे से 6 बजे तक निर्धारित किया गया है।
गेट पास नियम लागू होने के पहले दिन कुछ मरीजों के परिजनों ने जानकारी के अभाव में नाराजगी जताई। हालांकि मौके पर मौजूद अस्पताल प्रबंधन और पुलिस अधिकारियों ने समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया।
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. राजकुमार चौधरी ने पोलखोल से बातचीत में बताया कि इस व्यवस्था से मरीजों को पर्याप्त आराम मिलेगा, अस्पताल में अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था कम होगी, संक्रमण का खतरा घटेगा तथा असामाजिक तत्वों पर भी प्रभावी नियंत्रण रखा जा सकेगा।
अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया है। उप निरीक्षक अनिल तिवारी ने कहा कि लोगों को धीरे-धीरे इस नियम की आदत हो जाएगी। पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है और अस्पताल में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, सुपरवाइजर नीरज ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि एक गेट पास पर केवल एक अटेंडर को ही मरीज से मिलने की अनुमति दी जाएगी। सभी नागरिक अस्पताल प्रशासन का सहयोग करें।








