नरसिंहपुर! 7 सितंबर 2026 (म.प्र.)। महाकौशल शुगर एंड पावर इंडस्ट्रीज लिमिटेड की ब्चई फैक्ट्री में कर्मचारियों ने वेतन, ओवरटाइम और मजदूरी भुगतान को लेकर गंभीर शिकायतें सामने रखी हैं।
कर्मचारियों की ओर से दिए गए शिकायत-पत्र में आरोप लगाया गया है कि कई कर्मचारियों को पिछले चार-पांच महीनों से वेतन का भुगतान नहीं किया गया है।
शिकायत में कर्मचारियों ने फैक्ट्री प्रबंधन और एचआर विभाग से जुड़े अधिकारियों पर वेतन की मांग करने पर कथित रूप से डराने-धमकाने तथा दबाव में काम करवाने के आरोप लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
कर्मचारियों ने अपनी मांगों में बकाया वेतन का पूरा भुगतान करने, शासन द्वारा निर्धारित मजदूरी दर के अनुसार वेतन देने और ओवरटाइम का नियमानुसार भुगतान करने की मांग की है। इसके साथ ही कर्मचारियों का बीमा कराने की भी मांग रखी गई है।
शिकायत में बोनस को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें पूरे महीने के बजाय आधे महीने का बोनस दिया जाता है, जबकि रिकॉर्ड में पूरे महीने की एंट्री किए जाने की बात कही गई है। कर्मचारियों ने प्रत्येक माह वेतन भुगतान की निश्चित तारीख तय कर उसी दिन भुगतान किए जाने की मांग भी रखी है।
शिकायतकर्ताओं ने फैक्ट्री संचालक एवं संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध जांच कर नियमानुसार उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है। साथ ही श्रमिकों से जुड़े कार्यालय के एक अधिकारी के संबंध में भी जांच एवं कार्रवाई की मांग की गई है।
कर्मचारियों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर बकाया वेतन एवं अन्य वैधानिक देयकों का नियमानुसार भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की है। अब देखना होगा कि शिकायत पर श्रम विभाग और प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है।








