नरसिंहपुर। 5 जुलाई 2026 अपराधों की विवेचना को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए नरसिंहपुर पुलिस ने ई-विवेचना प्रणाली की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार जिले के सभी विवेचकों को स्मार्ट टैबलेट उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे अब अपराधों की जांच अधिक तेज, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से की जा सकेगी।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के विवेचकों को स्मार्ट टैबलेट वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक प्रभावी पुलिसिंग का महत्वपूर्ण आधार है।
डिजिटल माध्यमों के उपयोग से विवेचना की गति और गुणवत्ता में सुधार होगा तथा पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाने में मदद मिलेगी।
नई ई-विवेचना प्रणाली लागू होने के बाद विवेचक घटनास्थल से ही आवश्यक दस्तावेज तैयार कर सकेंगे, डिजिटल साक्ष्य अपलोड करेंगे, केस डायरी अपडेट करेंगे और अनुसंधान की प्रगति सीधे सीसीटीएनएस प्रणाली में दर्ज कर सकेंगे। इससे कागजी कार्रवाई कम होगी और साक्ष्यों का त्वरित संकलन संभव हो सकेगा।
इस व्यवस्था के माध्यम से वरिष्ठ अधिकारी किसी भी प्रकरण की प्रगति और विवेचना की गुणवत्ता की ऑनलाइन निगरानी कर सकेंगे। इससे लंबित मामलों की समीक्षा आसान होगी और जांच में होने वाली अनावश्यक देरी पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सकेगा।
पुलिस अधीक्षक ने सभी विवेचकों को निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण में डिजिटल अभिलेखों पर आवश्यक डिजिटल या स्टायलस हस्ताक्षर अनिवार्य रूप से किए जाएं। साथ ही पीड़ित, साक्षी और संदेही व्यक्तियों के मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी तथा उपलब्ध मैसेंजर एप संबंधी जानकारी भी सीसीटीएनएस में दर्ज की जाए, ताकि न्यायालयीन प्रक्रिया और अधिक प्रभावी एवं त्वरित बन सके।
स्मार्ट टैबलेट वितरण कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया, जिले के सभी एसडीओपी, थाना प्रभारी एवं विवेचक उपस्थित रहे। पुलिस का मानना है कि यह पहल तकनीक आधारित, पारदर्शी और पीड़ित-केंद्रित पुलिसिंग को नई दिशा देने के साथ-साथ अपराध अनुसंधान की गुणवत्ता में भी महत्वपूर्ण सुधार लाएगी।








