नरसिंहपुर। 9 सितम्बर 2026 युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने और उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से ‘विकसित भारत यंग लीडरशिप डायलॉग’ अभियान के तहत स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नरसिंहपुर में जागरूकता, पंजीयन एवं क्विज कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में माय भारत के जिला युवा अधिकारी उमंग कुमार जैन के मार्गदर्शन एवं प्रत्यक्ष उपस्थिति में टीम ने महाविद्यालय पहुंचकर छात्र-छात्राओं को ‘विकसित भारत यंग लीडरशिप डायलॉग’ अभियान और माय भारत पोर्टल की जानकारी दी।
इस दौरान जिला युवा अधिकारी उमंग कुमार जैन के साथ वॉलंटियर्स कालूराम विश्वकर्मा, खुशी ढिमोले और सौरभ शर्मा ने विद्यार्थियों को माय भारत पोर्टल के उपयोग, ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया और क्विज में भाग लेने के नियमों के बारे में विस्तार से बताया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों का मौके पर ही माय भारत पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया गया। इसके साथ ही छात्र-छात्राओं ने क्विज में भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और क्विज सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम में युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए पंजीयन कराया और क्विज में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। आयोजकों ने बताया कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ना और उन्हें नेतृत्व के लिए तैयार करना है।








