नरसिंहपुर गाडरवारा। 1 जुलाई 2026 गाडरवारा नगर में एक सार्वजनिक मंदिर की भूमि के नामांतरण को लेकर विवाद सामने आया है। कामय वार्ड निवासी दीपक शर्मा ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) को आवेदन सौंपकर जीआईएस सर्वे के आधार पर किए जा रहे प्रस्तावित नामांतरण पर रोक लगाने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
आवेदन में कहा गया है कि संबंधित भूमि जीआईएस सर्वे में एक निजी व्यक्ति के नाम दर्ज दिखाई गई है, जबकि आवेदक का दावा है कि यह भूमि वर्षों पहले सार्वजनिक मंदिर के निर्माण के लिए दान की गई थी। स्थानीय नागरिकों के सहयोग और जनसहभागिता से इस भूमि पर मंदिर का निर्माण कराया गया, जिसकी देखरेख वर्तमान में मंदिर समिति द्वारा की जा रही है।
दीपक शर्मा का कहना है कि इस भूमि पर किसी निजी व्यक्ति का स्वामित्व नहीं है। मंदिर का निर्माण भी क्षेत्रवासियों की सहमति और सहयोग से किया गया था। ऐसे में केवल जीआईएस सर्वे के आधार पर नामांतरण करना उचित नहीं होगा।
आवेदक ने मांग की है कि संबंधित भूमि के मांग रजिस्टर सहित सभी राजस्व एवं नगरपालिका अभिलेखों का सत्यापन कराया जाए तथा जांच पूरी होने तक किसी भी प्रकार के नामांतरण या अभिलेख संशोधन की प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए।
फिलहाल इस मामले में नगर पालिका प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।








