नरसिंहपुर। 20 जून 2026 जिले में अवैध रेत खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम बहोरी में 27 ट्रॉली (करीब 81 घनमीटर) अवैध रेत जब्त की गई। यह कार्रवाई कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह के निर्देशन में जिला स्तरीय टास्क फोर्स द्वारा पुलिस, राजस्व एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने की।
प्रशासन की कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से डंप की गई रेत को जब्त किया गया तथा मौके पर मिले कई वाहनों को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अवैध कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति रही।
हालांकि, स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासनिक अमला लौटने के कुछ ही घंटों बाद रात होते-होते अवैध रेत खनन दोबारा शुरू हो गया। ग्रामीणों के अनुसार, रात के अंधेरे में रेत का उत्खनन और परिवहन फिर से धड़ल्ले से किया गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।
घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है। उनका कहना है कि केवल एक-दो दिन की कार्रवाई से अवैध खनन पर रोक लगाना संभव नहीं है। यदि लगातार निगरानी, नियमित गश्त और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं हुई, तो रेत माफिया इसी तरह सक्रिय बने रहेंगे।
बहोरी की इस घटना ने प्रशासन की कार्रवाई की प्रभावशीलता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि वायरल वीडियो के सामने आने के बाद प्रशासन दोबारा सख्त कार्रवाई करता है या नहीं। वहीं, ग्रामीणों ने अवैध खनन पर स्थायी रोक लगाने के लिए निरंतर निगरानी और कठोर कार्रवाई की मांग की है।








