नरसिंहपुर। 24 जून 2026 जिले के सुआतला थाना क्षेत्र के ग्राम धरमपुरी स्थित एक आश्रम में घुसकर तोड़फोड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आश्रम संचालक संत मदन दास त्यागी ने पुलिस अधीक्षक नरसिंहपुर को आवेदन सौंपकर आरोपी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई और जिला बदर किए जाने की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 23 जून 2026 की सुबह करीब 6 बजे ग्राम धरमपुरी निवासी एक व्यक्ति कथित रूप से शराब के नशे में घातक हथियार लेकर आश्रम परिसर में घुस आया। आरोप है कि उसने आश्रम में रखे फ्रीज, चूल्हा, हारमोनियम, ढोलक, गैस सिलेंडर, किचन सामग्री सहित मंदिर की दीवारों पर लगी टाइल्स में तोड़फोड़ कर दी, जिससे लगभग 1.50 लाख रुपये का नुकसान हुआ।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि आश्रम में ठहरे दो परिक्रमा वासियों के साथ मारपीट की गई तथा संत मदन दास त्यागी को जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि घटना के दौरान उनके बैग से 22 हजार रुपये भी गायब हो गए।
बताया गया है कि घटना के समय स्थानीय ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। पीड़ित पक्ष द्वारा मामले की सूचना पुलिस को देकर थाना सुआतला में शिकायत दर्ज कराई गई है।
संत मदन दास त्यागी ने आरोपी को आदतन अपराधी बताते हुए उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई, जिला बदर की कार्यवाही तथा शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण हटाने की मांग की है। साथ ही उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।
फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। मामले में पुलिस जांच और आधिकारिक कार्रवाई के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।








