नरसिंहपुर ! 15 नवंबर 2026
नरसिंहपुर/गोटेगांव। धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर के उपयोग और ध्वनि प्रदूषण का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है। गोटेगांव निवासी युवती भूमि जैन ने जैन मंदिर के नजदीक तेज आवाज में बजने वाले लाउडस्पीकर को लेकर अपनी परेशानी जाहिर करते हुए पोलखोल न्यूज़ को एक वीडियो भेजा है।
भूमि जैन विधा भवन क्षेत्र में जैन मंदिर के नजदीक रहती हैं। उनका कहना है कि मंदिर में बजने वाले लाउडस्पीकर की तेज आवाज से आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने प्रशासन का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित करते हुए ध्वनि प्रदूषण के निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है।
भूमि जैन ने स्पष्ट किया कि उनकी आपत्ति किसी धर्म, समाज या धार्मिक गतिविधि से नहीं है। वह स्वयं जैन समाज से हैं। उनका कहना है कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी धार्मिक आस्था के अनुसार पूजा-पाठ और धार्मिक गतिविधियां करने का अधिकार है, लेकिन इसके साथ आसपास रहने वाले नागरिकों की सुविधा और शांति का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।
उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया है कि मामले की जांच कर लाउडस्पीकर की आवाज और उसके उपयोग के समय को निर्धारित नियमों के अनुरूप सुनिश्चित कराया जाए।
अब सवाल यह है कि क्या गोटेगांव प्रशासन इस शिकायत पर संज्ञान लेकर संबंधित पक्ष से चर्चा करेगा और ध्वनि प्रदूषण के नियमों का पालन सुनिश्चित कराएगा?
पोलखोल न्यूज़ का उद्देश्य किसी धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाना नहीं, बल्कि नागरिकों की समस्याओं को जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचाना और उनका शांतिपूर्ण समाधान सामने लाना है।
#Gotegaon #Narsinghpur #PolKholNews #ध्वनिप्रदूषण #Loudspeaker #जनसमस्या #भूमिजैन








