नरसिंहपुर। 15 नवंबर 2026 गन्ना किसानों को ₹600 प्रति क्विंटल मूल्य और उचित। बोनस दिलाने की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन लगातार जारी है। 12 नवंबर को शुगर मिल प्रतिनिधियों और किसान प्रतिनिधियों के बीच हुई बैठक बेनतीजा रहने के बाद 14 नवंबर से शुरू हुआ धरना 15 नवंबर को बिरसा मुंडा जयंती के दिन भी जारी रहा। राष्ट्रवादी किसान आर्मी के पदाधिकारी प्रतीक शर्मा सहित अन्य किसान नेता और किसान नगर पालिका चौराहे स्थित लक्ष्मी मंदिर के बाहर धरने पर डटे रहे।
रविवार सुबह पोलखोल न्यूज़ की टीम एक बार फिर धरनास्थल पर पहुंची। इस दौरान किसानों ने बताया कि कलेक्टर रजनी सिंह धरनास्थल के समीप पहुंचीं थीं। हालांकि, उनका आगमन बिरसा मुंडा जयंती के कार्यक्रम के सिलसिले में था।
कार्यक्रम के दौरान धरनास्थल के पास रखी टेबल पर स्थापित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का पूजन किया गया।
इस दौरान किसान नेता प्रतीक शर्मा और उनके साथी भी टेंट से बाहर आए। उन्होंने भी बिरसा मुंडा के माल्यार्पण कार्यक्रम में शामिल होकर अनुशासन और सम्मान का परिचय दिया।
वहीं, किसान नेता प्रतीक शर्मा ने शुगर मिलों में शक्कर के बढ़ते दामों और गन्ना मूल्य निर्धारण की प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने विगत वर्षों में शक्कर के दामों में हुई बढ़ोतरी के साथ गन्ना मूल्य में अपेक्षित वृद्धि और भुगतान प्रक्रिया का मुद्दा उठाते हुए किसानों के सामने अपनी बात रखी।
प्रतीक शर्मा ने जिले के किसानों से आंदोलन में एकजुट होकर शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि यह किसानों की आखिरी लड़ाई है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक गन्ने का मूल्य ₹600 प्रति क्विंटल निर्धारित करने और किसानों को उचित बोनस दिलाने की मांग पर ठोस पहल नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
अब देखना होगा कि किसानों की इस मांग पर जिला प्रशासन और शुगर मिल प्रबंधन क्या कदम उठाते हैं और गन्ना किसानों को ₹600 प्रति क्विंटल मूल्य दिलाने की मांग पर कोई सहमति बन पाती है या नहीं।
पोलखोल न्यूज़ | जनता की आवाज़, आपके साथ।








