*छोटी मछलियों पर शिकंजा, बड़े मगरमच्छ आजाद! 24 गिरफ्तार, शराब के असली सरगना अब भी पुलिस की पकड़ से दूर?*

नरसिंहपुर। 14 नवंबर 2026 जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन ईगल क्लॉ के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के सात थाना क्षेत्रों से कुल 24 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, कार्रवाई के दौरान 292 पाव देशी शराब और 46 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई है। सभी मामलों में आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

पुलिस की इस कार्रवाई के बीच अब एक बड़ा सवाल भी खड़ा हो रहा है कि आखिर जिले में फुटकर विक्रेताओं तक अवैध शराब पहुंचाने वाले मुख्य सप्लायर कौन हैं? क्या पुलिस की जांच इन आरोपियों से आगे बढ़कर शराब की पूरी सप्लाई चेन तक पहुंचेगी?

फुटकर विक्रेताओं पर कार्रवाई, मुख्य सप्लायरों का क्या?

पुलिस की कार्रवाई में 24 लोगों की गिरफ्तारी हुई, लेकिन इस पूरे मामले में अवैध शराब के स्रोत और मुख्य सप्लायरों को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है। आखिर इतनी बड़ी संख्या में फुटकर विक्रेताओं तक शराब पहुंच कैसे रही है? इसके पीछे कौन लोग सक्रिय हैं और इस कारोबार को आर्थिक रूप से कौन संचालित कर रहा है?

स्थानीय स्तर पर लंबे समय से अवैध शराब की बिक्री को लेकर चर्चाएं होती रही हैं। ऐसे में केवल फुटकर विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ सप्लाई नेटवर्क की जांच भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
मुखबिर तंत्र सक्रिय तो बड़े कारोबारी गिरफ्त से बाहर क्यों?

पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों पर निगरानी रखने के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया है। ऐसे में सवाल है कि क्या गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर शराब के मुख्य स्रोत, सप्लायर और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है?

यदि फुटकर स्तर पर शराब बेचने वालों तक पुलिस पहुंच रही है, तो उन लोगों तक कार्रवाई कब पहुंचेगी जो इस कारोबार को बड़े स्तर पर संचालित करते हैं?

जिले के सात थाना क्षेत्रों में कार्रवाई, 24 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का थाना क्षेत्रवार विवरण इस प्रकार है..

स्टेशनगंज थाना (11 आरोपी): देवेन्द्र राजपूत, रेशमा बाई ठाकुर, आशीष कुमार मेहरा, सुनील नौरिया, लक्ष्मण गौंड, सीता ठाकुर, लतीफ पठान, अशोक मेहरा, नीता बाई ठाकुर, कौशल्या बाई कुचवदिया और रोहित ठाकुर।

करेली थाना (4 आरोपी): अमर ठाकुर, मान सिंह राजपूत, अर्जुन कुर्मी और शिवानी ठाकुर।
कोतवाली थाना (3 आरोपी): मनीष शर्मा, गोपाल उर्फ शंकुपाल और आशीष उर्फ जानू कतिया।
गोटेगांव थाना (3 आरोपी): पवन मल्लाह, देवराज वर्मन और यमन सिंह विश्वकर्मा।

गाडरवारा थाना: माधव धानक।
सुआतला थाना: भोले नोरिया।
ठेमी थाना: गुलाब कुशवाहा।

अब बड़े नेटवर्क पर कार्रवाई का इंतजार

ऑपरेशन ईगल क्लॉ के तहत 24 आरोपियों की गिरफ्तारी और शराब की जब्ती पुलिस की कार्रवाई का हिस्सा है, लेकिन अवैध शराब के कारोबार पर वास्तविक अंकुश लगाने के लिए इसकी सप्लाई चेन तक पहुंचना भी जरूरी है।

अब देखना होगा कि पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मुख्य सप्लायरों और बड़े कारोबारियों तक पहुंचती है या कार्रवाई फुटकर विक्रेताओं तक ही सीमित रहती है।

पोलखोल का सवाल: 24 गिरफ्तारियों के बाद क्या पुलिस अवैध शराब के असली नेटवर्क का भी खुलासा करेगी? जिले की जनता को इस सवाल का जवाब पुलिस की अगली कार्रवाई से मिलने का इंतजार है।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

*ब्रेकिंग -पोलखोल: मेन रोड पर मकान की तीसरी मंजिल में लगी आग! 30 मिनट देरी से पहुंची फायर ब्रिगेड? प्रत्यक्षदर्शियों ने पानी लीकेज का भी लगाया आरोप, घरवालों ने खुद बुझाई आग, मेन रोड पर लगा जाम पूरी खबर पोलखोल!*

error: Content is protected !!