नरसिंहपुर। 12 नवंबर 2026 जिले के किसानों की विभिन्न समस्याओं और गन्ना मूल्य निर्धारण को लेकर 12 नवंबर को जिला प्रशासन के संरक्षण में आयोजित किसानों और मिल मालिकों की महत्वपूर्ण बैठक देर शाम तक चली, लेकिन गन्ना मूल्य ₹600 प्रति क्विंटल निर्धारित करने सहित प्रमुख मांगों पर सहमति नहीं बन सकी।
राष्ट्रवादी किसान आर्मी द्वारा 4 नवंबर को किए गए आंदोलन के बाद इस बैठक से किसानों को काफी उम्मीदें थीं। संगठन की ओर से प्रशासन और मिल मालिकों के सामने 8 सूत्रीय मांग पत्र रखा गया था। इसमें गन्ने का मूल्य ₹600 प्रति क्विंटल करने, पूर्व घोषणा के अनुरूप ₹50 से ₹100 प्रति क्विंटल बोनस देने, गन्ना तौल के 14 दिनों के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने तथा घटतौली और अनावश्यक वजन कटौती पर रोक लगाने जैसी प्रमुख मांगें शामिल थीं।
इसके अलावा खाद की पर्याप्त उपलब्धता, यूरिया और डीएपी की टैगिंग एवं कालाबाजारी पर कार्रवाई, नरवाई प्रबंधन के लिए कृषि यंत्रों पर अनुदान, जंगली सुअरों से फसलों की सुरक्षा, कृषि बिजली और सिंचाई के लिए नहरों में पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने सहित अन्य किसान समस्याओं के निराकरण की मांग भी उठाई गई।
हालांकि देर शाम तक चली चर्चा के बावजूद गन्ना मूल्य और किसानों की प्रमुख मांगों पर कोई ठोस सहमति नहीं बन पाई। ऐसे में अब किसानों की निगाहें संगठन की आगामी रणनीति पर टिकी हैं।
बैठक के बाद किसान नेताओं ने पोलखोल न्यूज़ से बातचीत में अपनी बात रखी और आगे की रणनीति को लेकर संकेत दिए। संगठन पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि किसानों को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि मांगों पर ठोस निर्णय और निर्धारित समय-सीमा लिखित रूप में चाहिए।
अब सवाल यह है कि क्या किसानों की मांगों को लेकर एक बार फिर जिले में आंदोलन तेज होगा? क्या नरसिंहपुर की चारों विधानसभा क्षेत्रों में मंत्रियों, सांसद और जनप्रतिनिधियों के निवास तक किसानों की आवाज पहुंचाने के लिए घेराव जैसे आंदोलन किए जाएंगे?
देखिए बैठक के बाद किसान नेताओं ने पोलखोल न्यूज़ पर क्या कहा और किसानों की आगामी रणनीति क्या होगी।
पोलखोल ग्राउंड रिपोर्ट | नरसिंहपुर निष्पक्ष • निर्भीक जनता की आवाज़, आपके साथ








