नरसिंहपुर। 12 नवंबर 2026 जिले के करेली थाना अंतर्गत ग्राम इमझिरी में कथित तौर पर संचालित जुआ, सट्टा और अवैध शराब बिक्री को लेकर ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक नरसिंहपुर को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों द्वारा 12 नवंबर 2026 को दिए गए शिकायत आवेदन में आरोप लगाया गया है कि गांव में लंबे समय से जुआ, सट्टा और अवैध शराब बिक्री जैसी गतिविधियां संचालित हो रही हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि इन गतिविधियों से गांव का सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है और युवा पीढ़ी पर भी इसका प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
शिकायत में सबसे गंभीर आरोप यह लगाया गया है कि कथित अवैध गतिविधियों में शामिल कुछ लोगों द्वारा ग्रामीणों के सामने यह दावा किया जाता है कि वे करेली पुलिस को प्रतिमाह 1 लाख रुपये देते हैं, इसलिए उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। इस कथित बयान को लेकर ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष एवं गोपनीय जांच कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि ग्राम इमझिरी में जुआ, सट्टा और अवैध शराब बिक्री पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा इन गतिविधियों में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाए।
इसके साथ ही करेली पुलिस को प्रतिमाह एक लाख रुपये दिए जाने संबंधी कथित दावे की जांच कराई जाए। यदि जांच में किसी पुलिसकर्मी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाए। शिकायतकर्ताओं ने अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी की है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की धमकी या दबाव का सामना न करना पड़े।
अब देखने वाली बात होगी कि पुलिस अधीक्षक इस शिकायत को कितनी गंभीरता से लेते हैं और मामले की निष्पक्ष जांच के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
नोट: यह समाचार ग्रामीणों द्वारा पुलिस अधीक्षक को दिए गए लिखित शिकायत आवेदन में लगाए गए आरोपों पर आधारित है।
करेली पुलिस की ओर से इन आरोपों पर आधिकारिक पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी शेष है।








