नरसिंहपुर। 12 नवंबर 2026 जिले के किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर राष्ट्रवादी किसान आर्मी एक बार फिर सक्रिय नजर आ रही है। 4 नवंबर को किए गए आंदोलन के बाद आज 12 नवंबर को जिला प्रशासन के संरक्षण में आयोजित बैठक में किसानों की समस्याओं और मांगों को लेकर अहम चर्चा होनी है। वहीं, मिल मालिकों के साथ होने वाली बैठक में गन्ना मूल्य और भुगतान जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए जाएंगे।
संगठन की ओर से प्रशासन के सामने 8 सूत्रीय मांग पत्र रखा गया है। इसमें गन्ने का मूल्य ₹600 प्रति क्विंटल निर्धारित करने, पूर्व घोषणा के अनुरूप ₹50 से ₹100 प्रति क्विंटल बोनस देने, गन्ना तौल के 14 दिनों के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने तथा घटतौली और अनावश्यक वजन कटौती पर रोक लगाने जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं।
इसके अलावा पारंपरिक गुड़ भट्टियों को राहत, नरवाई प्रबंधन के लिए कृषि यंत्रों पर अनुदान, यूरिया और डीएपी की पर्याप्त उपलब्धता, खाद की टैगिंग और कालाबाजारी पर कार्रवाई, जंगली सुअरों से फसलों की सुरक्षा, कृषि बिजली, सिंचाई के लिए नहरों में पर्याप्त पानी तथा ग्राम पंचायतों से जुड़ी समस्याओं के स्थाई निराकरण की मांग भी उठाई गई है।
संगठन ने स्पष्ट किया है कि किसानों को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि मांगों पर ठोस निर्णय और निर्धारित समय-सीमा लिखित रूप में चाहिए।
क्या अब जिले में आंदोलन का अगला चरण देखने को मिलेगा?
बैठक और आगामी रणनीति को लेकर किसान नेता प्रतीक शर्मा ने पोलखोल न्यूज़ से बातचीत में अपनी बात रखी है। अब सवाल यह भी है कि यदि मांगों पर सहमति नहीं बनती है तो क्या संगठन आगामी दिनों में जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में मंत्रियों, सांसद और जनप्रतिनिधियों के निवास तक किसानों की आवाज पहुंचाने के लिए घेराव जैसे आंदोलन की रणनीति बनाएगा?
फिलहाल किसानों की निगाहें आज होने वाली बैठक और उसमें निकलने वाले निर्णयों पर टिकी हैं।
देखिए किसान नेता प्रतीक शर्मा का पूरा बयान और किसानों की आगामी रणनीति, ब्रेकिंग पोलखोल न्यूज़ पर।
पोलखोल ग्राउंड रिपोर्ट | नरसिंहपुर
निष्पक्ष • निर्भीक








