नरसिंहपुर। 31 अक्टूबर 2026
बरमान कलां के प्रसिद्ध सीढ़ी वाले घाट स्थित प्राचीन राम-जानकी मंदिर परिसर के समीप टीले की खुदाई और संभावित निर्माण को लेकर सामने आए मामले में अब नया मोड़ आ गया है। शनिवार देर शाम इस मामले से जुड़े रिंकू साहू और आशीष साहू पोलखोल न्यूज़ स्टूडियो पहुंचे, जहां उन्होंने पूरे घटनाक्रम को लेकर अपना पक्ष रखा।
दोनों युवकों का कहना है कि उनकी प्रसाद की दुकान पिछले 40 वर्षों से अधिक समय से संचालित है। उन्होंने आरोप लगाया कि शनिवार देर शाम उनकी दुकान पर बड़ी संख्या में कुछ लोग पहुंचे, जिन्होंने स्वयं को एक दल से जुड़ा बताया। युवकों के मुताबिक, उनसे दुकान हटाने को लेकर जवाब मांगा गया और मंदिर से जुड़े कुछ लोगों एवं उक्त संगठन के लोगों द्वारा दुकान हटाने का कथित दबाव बनाया जा रहा है।
रिंकू साहू और आशीष साहू का यह भी कहना है कि उन्हें प्रशासन की ओर से दुकान हटाने अथवा भूमि खाली करने के संबंध में अब तक कोई आधिकारिक नोटिस या पत्र प्राप्त नहीं हुआ है।
राजनीतिक गतिविधियों और मंदिर की सुरक्षा पर भी उठाए सवाल
स्टूडियो में बातचीत के दौरान दोनों युवकों ने पूरे मामले में कथित राजनीतिक गतिविधियों और बाहरी लोगों के हस्तक्षेप को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने मंदिर की सुरक्षा और धार्मिक धरोहर को लेकर अपनी चिंताएं व्यक्त कीं।
गौरतलब है कि एक दिन पहले पोलखोल न्यूज़ की ग्राउंड रिपोर्ट में राम-जानकी मंदिर परिसर के समीप जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से टीले की खुदाई एवं मिट्टी हटाने की गतिविधियां सामने आई थीं। स्थानीय लोगों के बीच वहां दुकानों के निर्माण की संभावनाओं को लेकर भी चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
अब प्रशासन और मंदिर प्रबंधन से इन सवालों के जवाब जरूरी हैं।
40 वर्षों से संचालित प्रसाद दुकान की भूमि की वास्तविक स्थिति क्या है?
क्या दुकानदारों को दुकान हटाने का कोई आधिकारिक नोटिस दिया गया है?
दुकान हटाने को लेकर पहुंचे लोगों की भूमिका क्या थी?
खुदाई और प्रस्तावित निर्माण के लिए क्या वैधानिक अनुमति ली गई है?
प्राचीन राम-जानकी मंदिर और नर्मदा तट की धरोहर की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी?
पोलखोल न्यूज़ का उद्देश्य किसी पक्ष पर आरोप लगाना नहीं, बल्कि पूरे मामले के सभी पक्षों को सामने लाना और प्रशासन से तथ्यों के आधार पर जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग करना है!
मंदिर प्रबंधन, दल से जुड़े संबंधित प्रतिनिधियों और प्रशासन का पक्ष भी प्राप्त किया जाएगा। उनका जवाब मिलने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
देखिए बरमान सीढ़ी घाट विवाद का पूरा फॉलोअप, रिंकू साहू और आशीष साहू की जुबानी, सिर्फ पोलखोल न्यूज़ पर।








