*पोलखोल की खबर का असर नरसिंहपुर रेलवे हड़ताल खत्म, 12 सफाईकर्मियों का भुगतान हुआ, विशेष आभार‌ स्टेशन मास्टर सुनील जाट !*

नरसिंहपुर | 18 अक्टूबर 2026
नरसिंहपुर रेलवे स्टेशन पर सफाईकर्मियों की हड़ताल और वेतन भुगतान में देरी का मामला प्रमुखता से उठाने के बाद इसका असर देखने को मिला है। पोल खोल द्वारा 17 अक्टूबर को प्रमुखता से खबर प्रसारित किए जाने के बाद रेलवे स्टेशन मास्टर सुनील जाट ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संज्ञान लिया।

जानकारी के अनुसार, स्टेशन मास्टर ने संबंधित रेलवे ठेकेदार देवेंद्र मिश्रा को शनिवार, 17 अक्टूबर की शाम तक सफाईकर्मियों का भुगतान करने और पीएफ जमा कराने के संबंध में निर्देश दिए। इसके बाद ठेकेदार ने शनिवार शाम स्टेशन पर कार्यरत सभी 12 सफाईकर्मियों का भुगतान कर दिया। भुगतान मिलने के बाद सफाईकर्मी काम पर वापस लौट आए।

पीएफ की राशि 5 नवंबर तक जमा कराने का आश्वासन

सफाईकर्मियों और उनके सुपरवाइजर के अनुसार, ठेकेदार ने लंबे समय से बकाया पीएफ की राशि 5 नवंबर तक जमा कराने का आश्वासन दिया है।

कर्मचारियों ने बताया कि उनका वेतन मिल चुका है, जिससे दीपावली से पहले उन्हें राहत मिली है।

रविवार सुबह पोल खोल ने लिया फॉलोअप

रविवार, 18 अक्टूबर की सुबह पोल खोल की टीम खबर का फॉलोअप लेने नरसिंहपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर पहुंची। यहां सफाईकर्मियों ने पुष्टि की कि उन्हें भुगतान प्राप्त हो गया है और वे काम पर लौट आए हैं।

गौरतलब है कि सफाईकर्मियों ने समय पर वेतन नहीं मिलने और करीब डेढ़ साल से पीएफ की राशि जमा नहीं होने का आरोप लगाते हुए हड़ताल शुरू की थी। कर्मचारियों की इस समस्या को पोल खोल ने प्रमुखता से उठाया था।

खबर का असर, कर्मचारियों को मिली राहत

समय पर वेतन नहीं मिलने से परेशान सफाईकर्मियों को भुगतान मिलने से तत्काल राहत मिली है। हालांकि, अब सभी की नजरें 5 नवंबर पर रहेंगी, जब बकाया पीएफ जमा कराने के आश्वासन पर अमल होना है। इसकी पुष्टि होना अभी बाकी है।

विशेष आभार: नरसिंहपुर रेलवे स्टेशन मास्टर सुनील जाट, जिन्होंने सफाईकर्मियों की समस्या पर गंभीरता से संज्ञान लिया।

पोल खोल की पहल .. जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाना और उनके समाधान तक फॉलोअप करना ही हमारा उद्देश्य है।

देखिए पूरी खबर और जानिए कैसे खबर के बाद सफाईकर्मियों को मिली राहत।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!