नरसिंहपुर ! 9 सितम्बर 2026
करेली/चांवरपाठा। जनपद पंचायत चांवरपाठा के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत हेमरा में कथित अनियमितताओं को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
स्थानीय स्तर पर आरोप है कि पंचायत में जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों द्वारा दिए गए निर्देशों का भी लगातार पालन नहीं किया जा रहा है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि ग्राम पंचायत कार्यालय में आए दिन ताला लगा रहने की स्थिति बनी रहती है, जिससे ग्रामीणों को पंचायत संबंधी कार्यों के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता है। पंचायत की कार्यप्रणाली को लेकर लगातार सवाल उठाए जाने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं।
बताया गया है कि ग्राम पंचायत हेमरा तेंदूखेड़ा विधायक विश्वनाथ सिंह पटेल के गृह निवास से लगभग दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। वहीं नरसिंहपुर जिला मध्यप्रदेश सरकार के ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग से जुड़े मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल का गृह जिला है। ऐसे में ग्रामीणों का कहना है कि यदि स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के निर्देशों के बावजूद शिकायतों का निराकरण नहीं होता है, तो यह प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
इसी मामले में ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच लाल साहब मिश्रा द्वारा दिए गए आवेदन पर अब तक कार्रवाई नहीं होने की बात भी सामने आई है। इसके अलावा ग्राम पंचायत बरियाघाट में चबूतरा निर्माण से जुड़े मामले में तेंदूखेड़ा विधायक विश्वनाथ सिंह पटेल द्वारा जांच कर कार्रवाई किए जाने की टीप लिखे जाने का दावा किया गया है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि विधायक की टीप के बावजूद यदि मामले में कार्रवाई आगे नहीं बढ़ती है, तो इसकी जांच आवश्यक है।
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से ग्राम पंचायत हेमरा की कार्यप्रणाली, कार्यालय में ताला लगे रहने की स्थिति, पूर्व में दिए गए आवेदनों तथा निर्माण कार्यों से संबंधित शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इन आरोपों और शिकायतों को लेकर क्या कार्रवाई करता है और जांच के बाद वास्तविक स्थिति क्या सामने आती है।








