नरसिंहपुर। 1 सितंबर 2026 जिला मुख्यालय नरसिंहपुर में सोमवार 31 तारीख को ट्रीली कंपनी के एक कर्मचारी ने अपने ही मालिक पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक के समक्ष शिकायत आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। कर्मचारी संजीव लोनी का आरोप है कि कंपनी के मालिक अनमोल जैन ने शराब के नशे में उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी।
संजीव लोनी ने अपने आवेदन एवं मीडिया के समक्ष कैमरे पर यह भी आरोप लगाया है कि उसके अलावा कंपनी के चार अन्य कर्मचारियों के साथ भी इसी तरह की घटनाएं हुई हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार, इस पूरे मामले में कंपनी मालिक का एक मित्र भी कथित तौर पर शामिल रहा है।
संजीव लोनी ने पुलिस अधीक्षक से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है। उसका कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वह धरना देने के लिए मजबूर होगा। उसने अपनी जान को खतरा बताते हुए आत्महत्या जैसे कदम उठाने की बात भी कही है।
स्थानीय थाना में रिपोर्ट दर्ज कराने के सवाल पर संजीव लोनी ने बताया कि वह डर के कारण थाने नहीं गया। उसे आशंका है कि शिकायत के बाद कंपनी का मालिक दोबारा उसके साथ मारपीट कर सकता है।
वहीं, शिकायतकर्ता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दिए आवेदन के माध्यम से पूरे मामले की जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी इसी कंपनी में आगजनी की घटना सामने आई थी, जिसमें कुछ मजदूरों के झुलसने की जानकारी सामने आई थी।
अब एक बार फिर कंपनी के कर्मचारी द्वारा मालिक पर मारपीट और धमकी के गंभीर आरोप लगाए जाने से मामला चर्चा में है।
फिलहाल कर्मचारी द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। मामले में पुलिस जांच और संबंधित पक्ष का पक्ष सामने आने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।








