*भारतीय किसान संघ का दो दिवसीय अभ्यास एवं प्रशिक्षण वर्ग सम्पन्न!*

नरसिंहपुर। 25 अगस्त 2026  भारतीय किसान संघ जिला नरसिंहपुर का दो दिवसीय अभ्यास एवं प्रशिक्षण वर्ग 24 अगस्त की शाम से 25 अगस्त की शाम तक कृषि विज्ञान केंद्र नरसिंहपुर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बलराम एवं भारत माता के पूजन तथा जयघोष के साथ हुआ।

वर्ग के दौरान भारतीय किसान संघ के संस्थापक दत्तोपंत ठेंगड़ी जी के जीवन एवं विचारों पर प्रांत मंत्री स्वदेश कोठारी ने प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ठेंगड़ी जी का सरल जीवन, व्यापक अध्ययन, गहन चिंतन और ध्येय के प्रति समर्पण कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायी है। किसानों को संगठित कर उनके उत्थान के उद्देश्य से 4 मार्च 1979 को भारतीय किसान संघ की स्थापना की गई थी।

जिला उपाध्यक्ष भाव सिंह पटेल ने किसानों के साथ अपने अनुभव साझा किए। प्रांत संगठन मंत्री तुलसीराम जी ने संगठनात्मक विषयों पर मार्गदर्शन देते हुए कहा कि जागरूक समाज ही अपनी समस्याओं का निदान करा सकता है। उन्होंने संगठन की मजबूती के लिए नियमित मासिक बैठकों, ग्राम समितियों की सक्रियता और ग्राम स्वावलंबन पर जोर दिया।

जिला अध्यक्ष संतोष राय ने संगठन के नारों का अभ्यास कराया और कार्यकर्ताओं से समर्पण भाव से संगठन के लिए कार्य करने का आह्वान किया। पूर्व जिला अध्यक्ष राकेश खेमरिया ने कार्यकर्ता, कार्य एवं कार्यक्रम विषय पर विचार रखते हुए कहा कि कार्यकर्ता को संतुलित एवं स्थिर मन के साथ परिवार और समाज में समन्वय बनाकर धैर्य तथा सकारात्मक ऊर्जा के साथ कार्य करना चाहिए।

प्रशिक्षण के दौरान मंडल रचना एवं सदस्यता लक्ष्य निर्धारित किए गए। प्रत्येक तहसील में मंडल रचना तथा प्रत्येक ग्राम में सदस्यता अभियान चलाने पर जोर दिया गया। जितेन्द्र जैन ने संगठन के विभिन्न आयामों का परिचय कराया, जबकि प्रांत उपाध्यक्ष नारायण सिंह पटेल ने ग्राम विकास में ग्राम समिति की भूमिका पर प्रकाश डाला। संभागीय अध्यक्ष अनिरुद्धजी पटेल ने संगठन के कार्य, कार्यक्रम एवं उत्सव तथा संगठन के नाम के महत्व पर विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम का मंच संचालन जिला मंत्री अभिषेक पटेल ने किया। संगठन गीत का अभ्यास जिला प्रचार प्रमुख नितिन तिवारी एवं गोटेगांव तहसील मंत्री एशवत पटेल ने कराया। समापन अवसर पर जिला कोषाध्यक्ष विष्णु जी पटेल ने आभार व्यक्त किया। वर्ग में जिला पदाधिकारियों सहित विभिन्न तहसीलों के अध्यक्ष एवं मंत्री उपस्थित रहे।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!