नरसिंहपुर! 25 अगस्त 2026 गोटेगांव। ग्राम पंचायत सूरवारी के अंतर्गत आने वाले ग्राम विचुआ में विकास कार्य नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने कलेक्टर को आवेदन देकर गांव में विकास कार्यों की जांच कराने और लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के श्मशान घाट का लंबे समय से जीर्णोद्धार नहीं हुआ है। बारिश के मौसम में शव को श्मशान घाट तक ले जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा गांव में नाली एवं सीसी रोड का निर्माण भी नहीं होने से लोगों को आवागमन में दिक्कतें हो रही हैं।
ग्रामीणों के अनुसार नालियों में कचरा जमा होने से गंदगी और जलभराव की स्थिति बनी रहती है, जिससे बीमारियों का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि विकास कार्यों को लेकर सरपंच एवं सचिव से चर्चा करने पर कभी फंड नहीं आने, कभी स्वीकृति नहीं मिलने तो कभी तकनीकी अथवा इंटरनेट संबंधी समस्या का हवाला दिया जाता है।
ग्रामीणों ने अधिकारियों से मामले की विधिवत जांच कराकर आवश्यक विकास कार्य शीघ्र कराने की मांग की है।








