*नरसिंहपुर बुलेटिन | EOW Raid, NTPC CSR, कांग्रेस का हमला, बाइक चोर गिरोह गिरफ्तार | 3 जुलाई 2026!*

3 जूलाई 2026 | आज की TOP खबरें

खबर नंबर 1
गाडरवारा में EOW का बड़ा एक्शन, करोड़ों की संपत्ति की जांच
नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) की टीम ने नगर पालिका के सेवानिवृत्त सहायक निरीक्षक योगेंद्र ढिमोले के निवास पर छापामार कार्रवाई की। आय से अधिक संपत्ति की शिकायत के आधार पर हुई इस कार्रवाई में करोड़ों रुपये के बंगले, कृषि भूमि, दुकान, लग्जरी वाहन, नगदी और सोने-चांदी सहित कई संपत्तियों की जांच की जा रही है। EOW के अधिकारियों ने दस्तावेजों का सत्यापन शुरू कर दिया है। जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।

 

खबर नंबर 2
नए स्पीड ब्रेकरों की खुली पोल, चंद दिनों में उखड़े नट-बोल्ट
नरसिंहपुर शहर में हाल ही में लगाए गए नए स्पीड ब्रेकरों की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। पोलखोल न्यूज़ को एक जागरूक नागरिक द्वारा भेजी गई तस्वीरों में कई स्थानों पर स्पीड ब्रेकरों के नट-बोल्ट उखड़े हुए दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ ही दिनों में स्पीड ब्रेकरों का क्षतिग्रस्त होना निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। लोगों ने जिम्मेदार विभाग से जल्द सुधार कराने की मांग की है।

 

खबर नंबर 3
दर्शन कर लौट रहा युवक सड़क हादसे में गंभीर घायल
दादा महाराज के दर्शन कर घर लौट रहे 22 वर्षीय दुर्गेश मेहरा खमतरा हाईवे पर सड़क हादसे का शिकार हो गए। जानकारी के अनुसार सामने से आ रही एक बाइक पर रखी बोरी उनकी मोटरसाइकिल से टकरा गई, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया और वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

 

खबर नंबर 4
मेहका गांव में मिट्टी धंसने से व्यक्ति की दर्दनाक मौत
स्टेशनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम मेहका में सेढ नदी किनारे मिट्टी धंसने से 45 वर्षीय मंजू मौर्य की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही स्टेशनगंज पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

 

खबर नंबर 5
रोजगार एवं आजीविका मिशन का जिला स्तरीय शुभारंभ
ग्राम पंचायत देवरीकला में विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) के तहत जिला स्तरीय जन सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के राष्ट्रव्यापी शुभारंभ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, स्व-सहायता समूह की महिलाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

 

खबर नंबर 6
सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक दी गई विदाई
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर रजनी सिंह ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कर्मचारियों के लंबे सेवाकाल और प्रशासनिक योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

 

खबर नंबर 7
NTPC ने जिला अस्पताल को दिए ₹3.50 करोड़ के आधुनिक चिकित्सा उपकरण
एनटीपीसी गाडरवारा ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) योजना के तहत नरसिंहपुर जिला अस्पताल को 3 करोड़ 50 लाख रुपये के आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराए। इनका लोकार्पण सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने किया। कार्यक्रम में कलेक्टर रजनी सिंह, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इन उपकरणों से मरीजों को आधुनिक और बेहतर उपचार की सुविधा मिलेगी।
खबर नंबर 8
कांग्रेस ने प्रेस वार्ता में सरकार से कई मुद्दों पर मांगा जवाब
जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनीता पटेल ने नीट  पेपर लीक, राम मंदिर सुरक्षा, मुख्यमंत्री से जुड़े कथित जमीन घोटाले, किसानों की समस्याओं और मूंग खरीदी सहित कई मुद्दों पर केंद्र और प्रदेश सरकार से जवाब मांगा। कांग्रेस ने किसानों की समस्याओं के शीघ्र समाधान तथा जनहित के मुद्दों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!