नरसिंहपुर। 3 जुलाई 2026जबलपुर, भोपाल सहित कई शहरों में सक्रिय एक अंतरजिला मोटरसाइकिल चोर गिरोह का नरसिंहपुर पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग ₹4 लाख कीमत की चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
जानकारी के अनुसार, 30 जून 2026 को ग्राम हथनापुर निवासी वीरेन्द्र शाह ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि 23 जून को जिला अस्पताल नरसिंहपुर के सामने खड़ी उनकी मोटरसाइकिल (MP-49-MN-6606) चोरी हो गई थी। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की।
तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस को सूचना मिली कि इतवारा बाजार में तीन युवक चोरी की मोटरसाइकिलें बेचने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को चोरी की मोटरसाइकिलों सहित गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम अतुल दांगी, प्रिंस चौधरी और चिराग कुमार चौधरी बताए। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने नरसिंहपुर जिला अस्पताल के अलावा जबलपुर, भोपाल और नरसिंहपुर जिले के ग्राम भैसापाला से कुल चार मोटरसाइकिलें चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चारों चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर ली हैं। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव चाटे, उपनिरीक्षक आशीष बोपचे, आरक्षक प्रहलाद माघवे, राजेश बागरी, रोहित चम्पुरिया, महेन्द्र सिंह तथा नगर रक्षा समिति के कार्यकर्ता शिवम मालवीय की सराहनीय भूमिका रही।








