नरसिंहपुर ! 3 जुलाई 2026
कांग्रेस ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार को प्रमुख मुद्दों पर घेरा
जिला कांग्रेस कार्यालय मुश्रान भवन में आज जिला कार्यकारिणी के गठन के पश्चात आयोजित प्रथम प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सुनीता पटेल ने देश एवं प्रदेश से जुड़े गंभीर विषयों पर केंद्र और मध्यप्रदेश सरकार से जवाब मांगा है।
1. नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण
कांग्रेस का कहना है कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में बार-बार सामने आ रही अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों छात्रों एवं उनके अभिभावकों का विश्वास कमजोर किया है। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। कांग्रेस दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा परीक्षा प्रणाली को पूर्णतः पारदर्शी और सुरक्षित बनाने की मांग करती है।
2. राम मंदिर, अयोध्या में चोरी का प्रकरण
आस्था के सबसे बड़े केंद्रों में से एक राम मंदिर परिसर में चोरी की घटना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े करती है। कांग्रेस का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और मंदिर की व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए। इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
3. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से जुड़े कथित जमीन घोटाले का मामला
कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से जुड़े कथित जमीन घोटाले के आरोपों पर सरकार से पारदर्शी और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। कांग्रेस का कहना है कि लोकतंत्र में किसी भी पद पर बैठे व्यक्ति से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है ताकि जनता के बीच विश्वास बना रहे। यदि आरोप निराधार हैं तो सरकार तथ्यों के साथ स्थिति स्पष्ट करे, और यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो कानून के अनुसार कार्रवाई हो।
4. कृषि प्रधान जिला नरसिंहपुर में किसानों की समस्या
कृषि प्रधान जिला नरसिंहपुर में आज किसानों की मुख्य समस्या मूंग की समर्थन मूल्य पर खरीदी नहीं होना है। पार्टी मांग करती है कि किसानों द्वारा उत्पादित मूंग की 100 प्रतिशत खरीदी समर्थन मूल्य पर शीघ्रता से सरकार द्वारा की जाए।
उन्होंने कहा कि जिले में कुछ किसान संगठन मूंग खरीदी को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी इस आंदोलन का पूरा समर्थन करती है एवं सभी कांग्रेस कार्यकर्ता इस आंदोलन का बढ़-चढ़कर समर्थन कर रहे हैं।
इसके अतिरिक्त प्रदेश का किसान आज प्राकृतिक आपदाओं, बढ़ती लागत, उचित समर्थन मूल्य, समय पर खाद-बीज की उपलब्धता, सिंचाई संकट तथा फसल बीमा और मुआवजे जैसी अनेक समस्याओं से जूझ रहा है। कांग्रेस पार्टी सरकार से मांग करती है कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य, समय पर मुआवजा, सस्ती कृषि सामग्री तथा पर्याप्त सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। किसानों की आय बढ़ाने और उनकी आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाए जाएं।
5. अवैध खनन एवं रेत भंडारण का मामला
जिला कांग्रेस प्रवक्ता अजय दुबे एवं आशीष गुप्ता ने कहा कि जिले में अवैध खनन एवं उसके अवैध भंडारण को लेकर मीडिया एवं सोशल मीडिया में पिछले कई दिनों से लगातार खबरें चल रही हैं। सरकार ने एक टास्क फोर्स बनाकर सीमित जप्ती की है, लेकिन पार्टी की मांग है कि केवल सांकेतिक कार्रवाई न कर, जो वास्तविक दोषी हैं और जिन्होंने बड़े पैमाने पर रेत का अवैध भंडारण किया हुआ है, उनकी पहचान कर उन्हें उजागर किया जाए तथा उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कांग्रेस का मानना है कि जनता से जुड़े इन गंभीर मुद्दों पर सरकार को राजनीतिक बयानबाजी से ऊपर उठकर जवाबदेही निभानी चाहिए तथा पारदर्शी एवं जनहितकारी निर्णय लेने चाहिए
जिला कांग्रेस कमेटी, नरसिंहपुर








