नरसिंहपुर ! 3 जुलाई 2026
गाडरवारा में EOW का बड़ा एक्शन: रिटायरमेंट के एक महीने बाद पूर्व नगर पालिका कर्मचारी के घर छापा, करोड़ों की संपत्ति की जांच!
नरसिंहपुर। नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। जबलपुर EOW की 15 से 20 सदस्यीय टीम ने नगर पालिका के सेवानिवृत्त सहायक निरीक्षक योगेंद्र ढिमोले के निवास पर छापामार कार्रवाई की। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति की शिकायत के आधार पर की गई।
प्रारंभिक जांच में गाडरवारा स्थित दो मंजिला करोड़ों के बंगले, लखनादौन में एक आलीशान मकान और एक खाली प्लॉट, दो कृषि भूमि, बेटे के नाम पर एक दुकान, एक कार, एक थार, तीन मोटरसाइकिल, एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के अलावा नगदी और सोने-चांदी की जानकारी सामने आई है। सभी संपत्तियों का सत्यापन और मूल्यांकन किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार योगेंद्र ढिमोले गाडरवारा की MPEB कॉलोनी के निवासी हैं। वे पहले लखनादौन में सीएमओ का प्रभार संभाल चुके हैं और बाद में गाडरवारा नगर पालिका में पदस्थ रहे। वे इसी वर्ष 1 अप्रैल को सहायक निरीक्षक के पद से सेवानिवृत्त हुए थे।
आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ के अधिकारियों के मुताबिक, आय से अधिक संपत्ति की शिकायत मिलने पर उनके आवास पर दस्तावेजों की जांच शुरू की गई। कार्रवाई देर शाम तक जारी रहने की संभावना है। जांच पूरी होने के बाद EOW विस्तृत जानकारी जारी करेगा।
बाइट: मंजीत सिंह, DSP, EOW.








