नरसिंहपुर। 2 जुलाई 2026 जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन ईगल क्लॉ” के तहत नरसिंहपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना करेली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 11.5 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.1 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में जिलेभर में नशे के कारोबार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी मनोज गुप्ता के नेतृत्व में थाना करेली पुलिस क्षेत्र में भ्रमण और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी।
इस दौरान ड्रीम लैंड सिटी के गेट के पास एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 11.5 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पवन पटेल, पिता संतोष पटेल, निवासी नरसिंह वार्ड, करेली, जिला नरसिंहपुर के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी करेली निरीक्षक रत्नाकर हिग्वे, उपनिरीक्षक विजय धुर्वे, आरक्षक लक्ष्ती नागपुरे, सचिन तथा सैनिक रियाज की सराहनीय भूमिका रही।








