नरसिंहपुर। 1 जुलाई 2026 पुलिस कंट्रोल रूम में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना ने स्वयं आमजन की शिकायतें सुनीं। जनसुनवाई में कुल 42 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका परीक्षण कर संबंधित थाना प्रभारियों एवं शाखा अधिकारियों को त्वरित, निष्पक्ष एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई का उद्देश्य नागरिकों और शिकायतकर्ताओं को बेहतर सुविधा एवं उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान उपलब्ध कराना रहा।
पुलिस कंट्रोल रूम में आए लोगों के लिए बैठने, पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएँ भी की गई थीं
।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए सभी मामलों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की शिकायतों का समयबद्ध और निष्पक्ष निराकरण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जनसुनवाई के माध्यम से पुलिस विभाग ने नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और पुलिस-जन संवाद को मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।








