नरसिंहपुर। 30 जून 2026 जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन ईगल क्लॉ” के तहत थाना स्टेशनगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कपूरी तिराहे के पास दो स्मैक तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11.75 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब ₹1.2 लाख बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में जिलेभर में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया के मार्गदर्शन और एसडीओपी नरसिंहपुर मनोज गुप्ता के नेतृत्व में थाना स्टेशनगंज पुलिस क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी।
इसी दौरान कपूरी तिराहे के पास दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उनका पीछा कर घेराबंदी की और दोनों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से 11.75 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरविंद साहू (36 वर्ष), निवासी ग्राम खुलरी, चौकी सिहोरा, थाना गाडरवारा तथा बृजेश पटेल, निवासी ग्राम खुलरी, चौकी सिहोरा, थाना गाडरवारा के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ पटेल, उपनिरीक्षक संजय सूर्यवंशी, प्रधान आरक्षक शेखर सेन, आरक्षक पंकज राजपूत , अंकित विश्वकर्मा, महिला आरक्षक कुमुद पाठक एवं सैनिक राजेंद्र राजपूत की सराहनीय भूमिका रही।








