नरसिंहपुर ! 29 जून 2026
खबर नंबर 1
इतवारा बाजार में कथित अवैध शराब बिक्री की वायरल फोटो
नरसिंहपुर शहर के इतवारा बाजार रोड क्षेत्र से कथित अवैध शराब बिक्री से जुड़ी एक फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
यह फोटो NSP पोलखोल न्यूज़ को एक दर्शक द्वारा भेजी गई है। फोटो में एक युवक हाथ में शराब की बोतल लिए दिखाई दे रहा है। वहीं पास में छोटे बच्चे और कुछ अन्य युवक भी नजर आ रहे हैं।
फोटो भेजने वाले का दावा है कि इस क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब की बिक्री हो रही है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
हालांकि, NSP पोलखोल न्यूज़ इस वायरल फोटो और इससे जुड़े दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता। यदि पुलिस या आबकारी विभाग का आधिकारिक पक्ष प्राप्त होता है, तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
खबर नंबर 2
जिला अस्पताल में फिर लागू हुई गेट पास व्यवस्था
जिला अस्पताल नरसिंहपुर में सोमवार से लंबे समय बाद गेट पास व्यवस्था दोबारा लागू कर दी गई है।
अब भर्ती मरीज से मिलने के लिए केवल एक अटेंडर को ही गेट पास के माध्यम से प्रवेश मिलेगा।
मिलने का समय सुबह 11 बजे से 1 बजे तथा शाम 4 बजे से 6 बजे निर्धारित किया गया है।
पहले दिन कुछ लोगों ने जानकारी के अभाव में नाराजगी जताई, लेकिन अस्पताल प्रबंधन और पुलिस की समझाइश के बाद स्थिति सामान्य हो गई।
सिविल सर्जन डॉ. राजकुमार चौधरी ने बताया कि इस व्यवस्था से मरीजों को आराम मिलेगा, भीड़ कम होगी, संक्रमण का खतरा घटेगा और अस्पताल की व्यवस्थाएं बेहतर होंगी।
पुलिस ने भी स्पष्ट किया है कि अस्पताल में अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खबर नंबर 3
पल्स पोलियो अभियान दूसरे दिन भी जारी
जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान दूसरे दिन भी पूरे उत्साह के साथ जारी रहा।
स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर और पोलियो बूथों पर जन्म से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाई गई।
जिला अस्पताल में भी बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों को लेकर पहुंचे।
स्वास्थ्य विभाग ने अपील की है कि जिन बच्चों को अब तक पोलियो की खुराक नहीं मिल पाई है, उन्हें अभियान के अंतिम दिन अवश्य पोलियो की दवा पिलाएं।
खबर नंबर 4
सेफ क्लिक 2.0 अभियान, साइबर ठगी से बचने की अपील
अब बात एक ऐसी खबर की, जो हर मोबाइल और इंटरनेट उपयोगकर्ता के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
नरसिंहपुर पुलिस द्वारा सेफ क्लिक-2.0 अभियान के तहत जिलेभर में साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस ने बाजारों, गांवों और सार्वजनिक स्थानों पर नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से लोगों को डिजिटल अरेस्ट, फर्जी लिंक, UPI फ्रॉड, ऑनलाइन जॉब फ्रॉड, सोशल मीडिया अपराध, फर्जी KYC और अन्य साइबर अपराधों से बचने की जानकारी दी।
लोगों को साइबर सुरक्षा संबंधी पंपलेट भी वितरित किए गए तथा मजबूत पासवर्ड और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन अपनाने की सलाह दी गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि OTP, CVV और UPI PIN जैसी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें और राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
खबर -5
अब बात करते हैं पुलिस की बड़ी कार्रवाई की।
नरसिंहपुर पुलिस ने “ऑपरेशन ईगल क्लॉ” के तहत मादक पदार्थों के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई की है। थाना स्टेशनगंज पुलिस ने 11.75 ग्राम अवैध स्मैक, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.2 लाख रुपये बताई जा रही है, जब्त करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।








