सेफ क्लिक-2.0 अभियान के तहत नरसिंहपुर पुलिस ने चलाया साइबर जागरूकता अभियान

नरसिंहपुर।  28  जून 2026 पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार संचालित “सेफ क्लिक-2.0” अभियान के तहत नरसिंहपुर पुलिस द्वारा जिलेभर में साइबर अपराधों की रोकथाम और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों के सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, गांवों और नगरीय क्षेत्रों में नुक्कड़ सभाओं का आयोजन कर नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। लोगों को फिशिंग लिंक, फर्जी SMS एवं ई-मेल, डिजिटल अरेस्ट, UPI फ्रॉड, ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी, सोशल मीडिया अपराध, फर्जी KYC अपडेट और ऑनलाइन जॉब फ्रॉड जैसे साइबर अपराधों से बचाव के उपाय विस्तार से बताए गए।

इस दौरान पुलिस टीमों ने साइबर सुरक्षा संबंधी पंपलेट वितरित कर सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, मजबूत पासवर्ड और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) अपनाने की सलाह दी। साथ ही लोगों को OTP, CVV, UPI PIN और अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की समझाइश दी गई।

अभियान में उपस्थित नागरिकों एवं विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई, जिसमें उन्होंने स्वयं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने तथा अपने परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

नरसिंहपुर पुलिस ने अपील की है कि किसी भी अज्ञात कॉल, लिंक, SMS या ई-मेल पर बिना सत्यापन के विश्वास न करें। यदि किसी प्रकार की साइबर ठगी का शिकार हों तो तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर संपर्क करें तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

“सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित भविष्य” के संदेश के साथ पुलिस ने नागरिकों से सतर्क डिजिटल व्यवहार अपनाने और साइबर अपराधों से स्वयं भी बचने तथा दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!