नरसिंहपुर! 23 जून 2026
खबर नंबर 1
स्टेशनगंज क्षेत्र से दिनदहाड़े मोटरसाइकिल चोरी, सीसीटीवी में कैद हुआ संदिग्ध।
नरसिंहपुर के स्टेशनगंज क्षेत्र में रविवार दोपहर एक मोटरसाइकिल चोरी की घटना सामने आई है। पीड़ित मंडी रोड पर टीन शेड का कार्य करने गया था और उसने अपनी बाइक घर के बाहर खड़ी की थी। दोपहर करीब 12 बजकर 45 मिनट पर अज्ञात युवक बाइक चोरी कर फरार हो गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है और लोगों से सूचना देने की अपील की गई है।
खबर नंबर 2
गोटेगांव में अनुभाग स्तरीय जनसुनवाई, 75 आवेदनों पर हुई सुनवाई।
कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह की अध्यक्षता में जनपद पंचायत गोटेगांव में अनुभाग स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की गई। इस दौरान नागरिकों की समस्याओं से जुड़े 75 आवेदन प्राप्त हुए। कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि अन्य मामलों के शीघ्र समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने समयबद्ध कार्रवाई पर विशेष जोर दिया।
खबर नंबर 3
बरहटा निवासी महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस जांच में जुटी।
थाना मुंगवानी क्षेत्र में बरहटा निवासी एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
खबर नंबर 4
महिला के लापता होने का मामला, पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की गुहार।
थाना स्टेशनगंज क्षेत्र के एक व्यक्ति ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर अपनी पत्नी के लापता होने की शिकायत की है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि महिला को जबरन अपने साथ ले जाया गया है। पुलिस से महिला की सुरक्षित तलाश और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
खबर नंबर 5
ऑपरेशन ईगल क्लॉ के तहत 12.5 ग्राम स्मैक के साथ आरोपी गिरफ्तार।
नरसिंहपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन ईगल क्लॉ के तहत 12.5 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी अनूप जाटव को मुशरान वन क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।








