नरसिंहपुर, 22 जून। शहर के भटिया टोला रोड स्थित नहर के समीप सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में रेत से भरे ट्रैक्टर की चपेट में आने से 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक महारानी लक्ष्मी बाई वार्ड, भटिया टोला के निवासी थे। वे गैस सिलेंडर लेकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान दोपहर लगभग 12:30 से 1:00 बजे के बीच नहर के सामने सड़क पर रेत से भरे ट्रैक्टर ने उन्हें कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के संबंध में जानकारी जुटाना शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रेत से भरे तेज रफ्तार ट्रैक्टरों के संचालन पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।








