थाने से चंद कदम दूर नशे की मंडी, ऑपरेशन ईगल बना काग़ज़ी शेर!”

नरसिंहपुर । 9 जनवरी 2026
नरसिंहपुर जिले में नशा माफियाओं की कमर तोड़ने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक द्वारा चलाया जा रहा ऑपरेशन ईगल गोटेगांव नगर में पूरी तरह बेअसर नजर आ रहा है। हालात यह हैं कि गोटेगांव थाना परिसर से महज कुछ ही दूरी पर स्थित साप्ताहिक नया बाजार क्षेत्र में स्मैक और गांजे जैसे घातक मादक पदार्थों की खुलेआम बिक्री जारी है।

पुलिस प्रशासन की नाक के नीचे चल रहे इस अवैध कारोबार ने न केवल कानून-व्यवस्था को सीधी चुनौती दी है, बल्कि पूरे नगर की शांति और सामाजिक ताने-बाने को भी गंभीर रूप से प्रभावित किया है। जानकारी के अनुसार, नशा तस्कर अब कानून से बचने के लिए नाबालिग बच्चों और युवतियों को ढाल बनाकर नशे की सप्लाई करा रहे हैं, जिससे उनके हौसले बुलंद और पुलिस का खौफ खत्म होता दिखाई दे रहा है।

नया बाजार जैसे व्यस्ततम क्षेत्र का नशे की मंडी में तब्दील होना आम नागरिकों के लिए चिंता और असुरक्षा का कारण बन गया है। नशे की लत का भयावह असर अब घर-घर दिखाई देने लगा है। स्मैक और गांजे की गिरफ्त में आए कई नवयुवक अपनी तलब पूरी करने के लिए अपराध की राह पर चल पड़े हैं। नशे के लिए पैसे जुटाने के उद्देश्य से घरों में मारपीट, गाली-गलौज, चोरी जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं।

स्थिति यह है कि नशे के आदी युवा अपने ही घरों के जेवर, बर्तन और यहां तक कि राशन तक बेचने को मजबूर हो रहे हैं। इसके चलते कई हंसते-खेलते परिवार पूरी तरह बर्बादी के कगार पर पहुंच चुके हैं। स्थानीय नागरिकों में पुलिस प्रशासन के ढुलमुल रवैये को लेकर भारी रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि केवल दिखावटी कार्रवाई से कुछ नहीं होगा, बल्कि नशे के बड़े सरगनाओं पर कठोर और निर्णायक कार्रवाई की आवश्यकता है।

➡️ इनका कहना है
इस गंभीर मामले पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया ने कहा कि प्रकरण की सघन जांच कराई जाएगी। नया बाजार सहित नगर के अन्य हिस्सों में सक्रिय अवैध नशे के कारोबारियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!