लखनऊ / 19 दिसंबर 2025
बहराइच (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में कथावाचक पुंडरीक गोस्वामी को गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना के सामने आने के बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। यूपी पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बहराइच के पुलिस अधीक्षक (SP) को तलब कर जवाब मांगा है।
बताया जा रहा है कि गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने के दौरान निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया। नियमों के अनुसार गार्ड ऑफ ऑनर आमतौर पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, राज्य व केंद्र सरकार के मंत्री या उच्च प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को ही दिया जाता है। किसी कथावाचक को इस तरह का सम्मान दिए जाने का यह पहला मामला बताया जा रहा है।
घटना का वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी सवाल उठने लगे, जिसके बाद उच्च स्तर पर संज्ञान लिया गया। डीजीपी कार्यालय ने इसे प्रोटोकॉल का उल्लंघन मानते हुए संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा है।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और SP से जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। प्रशासनिक गलियारों में यह चर्चा तेज है कि यदि नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो सकती है।








