नरसिंहपुर। 24 नवम्बर 2025 प्रार्थी मनोज कुमार सेन पिता निहाल सेन उम्र 28 वर्ष निवासी अबंती नगर नरसिंहपुर ने दिनाँक 25.09.25 को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिनांक 24.09.25 की रात्रि में पी. जी. कॉलेज नरसिंहपुर के सामने स्थित एमपी ऑनलाइन एवं चाय दुकानों को बंद कर वह घर चला गया था। प्रातः 25.09.25 को दुकान पहुंचने पर पाया कि 7–8 दुकानों के ताले टूटे हुए थे एवं दुकानों में रखी कुल ₹30,800 की नगदी चोरी हो गई थी। अज्ञात चोरों के विरुद्ध अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस अधीक्षक नरसिंहपुर के निर्देशन में अज्ञात आरोपी की तलाश एवं मशरूका बरामदगी हेतु टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा एसडीओपी नरसिंहपुर के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली एवं साइबर सेल द्वारा लगातार तकनीकी व मानव संसाधन आधारित खोजबीन की गई। घटनास्थल से प्राप्त संदेही के सीसीटीवी फुटेज को जिले के थानों एवं आसपास के जिलों में सर्कुलेट किया गया।
दिनाँक 22–23/11/25 की दरमियानी रात मुखबिर सूचना पर करेली–गाडरवाड़ा रोड स्थित शुगर फैक्ट्री के आगे दबिश दी गई, जहां सीसीटीवी फुटेज में दिखाए गए हुलिए के संदेही व्यक्ति को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम रिषभ रघुवंशी पिता राजेन्द्र रघुवंशी उम्र 27 वर्ष निवासी शास्त्री वार्ड करेली थाना करेली नरसिंहपुर बताया।
हिकमत-अमली से पूछताछ पर आरोपी ने दिनाँक 24–25/09/25 की रात में पी. जी. कॉलेज परिसर के सामने एमपी ऑनलाइन एवं चाय के ठेलों के ताले लोहे की रॉड से तोड़कर नगदी चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से कुल ₹20,500 नगद बरामद कर जब्त किया गया तथा आरोपी को माननीय न्यायालय पेश किया गया है।
उक्त कार्यवाही में शामिल टीम:
निरीक्षक गौरव चाटे, उपनिरीक्षक मनीष मरावी, आरक्षक 515 पंकज राजपूत, आरक्षक 311 प्रहलाद माधवे, आरक्षक 302 जितेन्द्र ठाकुर, साइबर सेल आरक्षक कुमुद पाठक एवं नगर रक्षा समिति सदस्य शिवम मालवीय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








