“अमर शहीद आशीष शर्मा को प्रदेश का सलाम: शहादत नहीं होगी व्यर्थ, CM यादव”!

नरसिंहपुर, 20 नवंबर 2025।
नक्सली मुठभेड़ में शहीद हुए हॉक फोर्स के इंस्पेक्टर आशीष शर्मा को उनके गृह ग्राम बोहानी में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। गुरुवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अंत्येष्टि में पहुंचे और शहीद की पार्थिक देह पर पुष्प-चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने पार्थिक देह को कांधा भी दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इंस्पेक्टर आशीष शर्मा ने नक्सल विरोधी अभियान में अदम्य साहस दिखाते हुए कर्तव्य पथ पर सर्वोच्च बलिदान दिया है। उन्होंने कहा कि आशीष शर्मा की शहादत पर पूरा प्रदेश गर्व करता है।

परिवार को एक करोड़ रुपये की सहायता

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घोषणा की कि शहीद के परिवार को एक करोड़ रुपये की सम्मान निधि दी जाएगी। साथ ही बोहानी गांव में शहीद आशीष शर्मा के नाम से एक पार्क और स्टेडियम विकसित किया जाएगा, जिससे उनकी स्मृति आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देती रहे।

छोटे भाई को सब-इंस्पेक्टर पद पर नियुक्ति

मुख्यमंत्री ने बताया कि शहीद आशीष शर्मा के छोटे भाई को शासकीय नियमों में शिथिलता बरतते हुए सब-इंस्पेक्टर के पद पर नियुक्त किया जाएगा। यह निर्णय परिवार को संबल देने और शहीद के साहस एवं बलिदान के प्रति सम्मान व्यक्त करने के उद्देश्य से लिया गया है।

अंतिम संस्कार में पंचायत एवं ग्रामीण विकास और श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह, सांसद दर्शन सिंह चौधरी, विधायक विश्वनाथ‍ सिंह पटेल, विधायक महेंद्र नागेश, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मंत्री जीतू पटवारी, पूर्व राज्यसभा सांसद कैलाश सोनी, पूर्व राज्यमंत्री जालम सिंह पटेल, रामसनेही पाठक सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, हॉक फोर्स के जवान और बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!