“नींद की गोली देकर लाखों के जेवर और नगदी संग फरार: युवक संग युवती लापता”!

नरसिंहपुर। 18 फरवरी  2026 राजनगर कॉलोनी, अवंतीबाई वार्ड क्षेत्र से 20 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि युवती घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, नगद राशि एवं आवश्यक दस्तावेज लेकर गई है। मामले में युवक ऋषि डांगीवाल का नाम सामने आया है।

आवेदक (जो युवती के मामा बताए जा रहे हैं) ने पुलिस अधीक्षक एवं कोतवाली थाना में दिए आवेदन में उल्लेख किया है कि 7 फरवरी 2026 की रात्रि को कथित रूप से परिवारजनों को खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर दिया गया, जिससे वे गहरी नींद में सो गए। इसके बाद युवती घर से बिना बताए चली गई।
परिजनों का आरोप है कि युवती अपने साथ सोने के दो हार, अंगूठी, अन्य आभूषण, नगदी, लैपटॉप, मोबाइल, जीवन बीमा पॉलिसियों के दस्तावेज एवं अन्य जरूरी कागजात लेकर गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में युवती के इंदौर में होने संबंधी संकेत मिले हैं। विश्वसनीय सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों ने इंदौर स्थित एक मंदिर में विवाह करने का दावा किया है। हालांकि, इस संबंध में कोई प्रमाणित या विधिवत पंजीकृत दस्तावेज अब तक पुलिस के समक्ष प्रस्तुत नहीं किए गए हैं। ऐसे में कथित विवाह की वैधता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

मामले में कुछ अन्य युवकों के नाम भी सामने आए हैं, जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि युवती बालिग है, इसलिए सभी पहलुओं की विधिक रूप से जांच की जा रही है।
कोतवाली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूर्ण होने तक किसी भी पक्ष के संबंध में निष्कर्ष निकालना उचित नहीं है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम युवती और संबंधित युवक की तलाश में जुटी हुई है।

(नोट: समाचार उपलब्ध आवेदन, परिजनों के आरोप एवं प्रारंभिक पुलिस जानकारी पर आधारित है। जांच जारी है।)

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!