नरसिंहपुर। 15 जून 2026 अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे “OPERATION EAGLE CLAW” के तहत गाडरवारा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को लगभग 2 किलोग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। जब पुलिस टीम ने संदिग्ध को देखा तो वह मौके से भागने लगा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में जिलेभर में नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 13 जून की रात गाडरवारा थाना पुलिस कस्बा भ्रमण पर थी।
डमरूघाटी के पीछे केकरा रोड पर एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा कर प्रभावी घेराबंदी की और उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से करीब 2 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 30 हजार रुपये बताई जा रही है, बरामद किया गया। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 8/20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरुण शर्मा (35 वर्ष), निवासी बरमान के रूप में हुई है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक चौहान, उप निरीक्षक अंकित रावत, आरक्षक सृजल भार्गव, अक्षय श्रीवास्तव, महेंद्र बाबरिया एवं विश्वजीत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि “OPERATION EAGLE CLAW” के तहत जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।








