नरसिंहपुर। 13 जून 2026 विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर शनिवार 13 जून को प्रातः 7 बजे जिला साइकिलिंग संघ नरसिंहपुर द्वारा विशेष साइकिल रैली एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी एवं भाजपा नेता सुनील कोठारी, स्पोर्ट्स कोच मनीष कटारे, रिटायर्ड स्पोर्ट्स ऑफिसर संतोष सिंह राजपूत, सिंघई जी तथा कोच आनंद पटैल सहित अनेक खेल प्रेमी एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर साइकिलिंग को स्वास्थ्य, पर्यावरण और फिटनेस के लिए अत्यंत लाभकारी बताते हुए नियमित साइकिल चलाने का संदेश दिया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि साइकिलिंग से हृदय मजबूत होता है, शरीर सक्रिय रहता है, मानसिक तनाव कम होता है और फिटनेस में सुधार आता है।
विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित दो दिवसीय साइकिल महोत्सव की तैयारियां भी अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। जिला साइकिलिंग संघ द्वारा साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अस्मिता कार्यक्रम अंतर्गत आयोजित इस महोत्सव में जिलेभर के खिलाड़ी, युवा एवं खेल प्रेमी भाग ले रहे हैं।
मैदान पर बालिकाओं का उत्साह विशेष रूप से देखने को मिला। खिलाड़ी नियमित अभ्यास कर अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे रही हैं। 14 जून को आयोजित होने वाली बालिका एवं महिला वर्ग की साइकिल रेस स्टेडियम ग्राउंड से प्रारंभ होकर चिनकी मार्ग से होते हुए पुनः स्टेडियम ग्राउंड में संपन्न होगी।
आयोजन समिति ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है। आयोजकों का कहना है कि यह महोत्सव खेल प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।








