नरसिंहपुर। 28 सितम्बर 2026 साइबर अपराधों से बचाव, यातायात नियमों के पालन और नशे के दुष्परिणामों को लेकर जिला पुलिस नरसिंहपुर द्वारा सोमवार को जागरूकता रैली निकाली गई। रैली की शुरुआत सुभाष पार्क से हुई, जहां पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीना ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
रैली में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हेलमेट पहनकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान लोगों से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की गई।
पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीना ने साइबर फ्रॉड को लेकर नागरिकों को सतर्क रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, बैंक संबंधी जानकारी, PIN अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अनजान कॉल या मैसेज पर भरोसा करने से बचें।
साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल संबंधित माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की अपील भी की गई।
रैली के दौरान युवाओं को नशे से दूर रहने और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का संदेश दिया गया। पुलिस की ओर से युवाओं से अपील की गई कि वे नशे की गिरफ्त में आने के बजाय शिक्षा, खेल, रोजगार और रचनात्मक गतिविधियों को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं।
जागरूकता रैली में ASP संदीप भूरिया, थाना कोतवाली प्रभारी गौरव चाटे, SDOP संधीर चौधरी, यातायात प्रभारी ममता तिवारी, स्टेशनगंज थाना प्रभारी सौरभ पटेल, महिला थाना प्रभारी प्रीती मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
रैली के माध्यम से पुलिस ने नागरिकों को यह संदेश देने का प्रयास किया कि सुरक्षित यातायात, साइबर सावधानी और नशे से दूरी- सुरक्षित समाज की महत्वपूर्ण कड़ी हैं।








