नरसिंहपुर। 2 अक्टूबर 2026
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, दिव्य संस्कार भवन, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, नरसिंहपुर में 1 अक्टूबर 2026 को वरिष्ठ नागरिक स्नेह मिलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।
इस अवसर पर जिला संचालिका ब्रह्माकुमारी कुसुम दीदी जी ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक हमारे परिवार, समाज और संस्कारों की अमूल्य धरोहर हैं। उनके जीवन के अनुभव, संघर्ष और संस्कार नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों का सम्मान केवल किसी समारोह तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि यह हमारे दैनिक व्यवहार और जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए। दीदी जी ने आगे कहा कि वर्तमान में पितृपक्ष चल रहा है, जिसमें हम अपने पूर्वजों का स्मरण कर उन्हें भोग स्वीकार कराते हैं। जिस प्रकार हम अपने पूर्वजों को श्रद्धा और सम्मान से स्मरण करते हैं, उसी प्रकार हमारे सामने उपस्थित वरिष्ठ जन भी हमारे जीवन की अमूल्य धरोहर हैं। हमें उनका भी उतना ही ध्यान रखते हुए प्रेम, सम्मान और सहयोग देना चाहिए। उनके आशीर्वाद और मार्गदर्शन से परिवार में संस्कार मजबूत होते हैं तथा नई पीढ़ी को जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने विशेष रूप से आग्रह किया कि 60 वर्ष से कम आयु के लोग वरिष्ठजनों के सम्मान को अपने जीवन का संकल्प बनाएं। उनके आग्रह पर उपस्थित नागरिकों ने हाथ जोड़कर वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान की शपथ ग्रहण की।
समारोह में रेडक्रास सोसाइटी से वरिष्ठ भ्राता डॉ. अनंत दुबे, वरिष्ठ जन परिषद अध्यक्ष भ्राता गणेश चतुर्वेदी, पूर्व उप निरीक्षक मध्यप्रदेश पुलिस सविता रठौर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष बहिन संध्या कोठारी, चित्रा द्विवेदी, श्री गुमास्ता जी, वरिष्ठ व्यापारी भ्राता गुलाबचंद बुलवानी, वरिष्ठ व्यापारी भ्राता कैलाशचंद नेमा, पेंशनर समाज अध्यक्ष भ्राता एस. के. चतुर्वेदी एवं वरिष्ठ समाजसेवी भ्राता सुनील कोठारी सहित अनेक वरिष्ठ जन उपस्थित रहे।
सभी अतिथियों एवं वरिष्ठजनों का ब्रह्माकुमारी कुसुम दीदी जी ने वरिष्ठ जनों का पट्टाभिषेक कर, ईश्वरीय सौगात एवं भेंट कर सम्मान किया ।
कार्यक्रम में बच्चों द्वारा शानदार स्वागत नृत्य एवम् प्रेरणादायी लघु नाटिका प्रस्तुत कर वरिष्ठजनों के सम्मान, प्रेम और सेवा का सुंदर संदेश दिया।
प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया।
अतिथियों ने वरिष्ठ नागरिकों को शुभकामनाएं देते हुए संस्था द्वारा किए गए इस कार्य की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन पीढ़ियों के बीच प्रेम, सम्मान, संवाद और संस्कारों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में 200 से अधिक वरिष्ठ जनों की उपस्थिति रही। अंत में सभी ने ब्रह्मा भोजन ग्रहण किया। भ्राता अशोक गुप्ता जी ने उपस्थित वरिष्ठ जनों का सहृदय आभार व्यक्त किया।








