नरसिंहपुर। 2 अक्टूबर 2026 गांधी जयंती के अवसर पर मध्यप्रदेश शासन जेल विभाग एवं जेल मुख्यालय भोपाल के दिशा-निर्देशों के तहत केंद्रीय जेल नरसिंहपुर में विशेष माफी एवं परिहार का लाभ प्राप्त करने वाले 3 बंदियों को सजा समाप्ति पर रिहा किया गया।
इस अवसर पर जेल प्रशासन द्वारा रिहा किए गए बंदियों को फूलमाला एवं श्रीफल भेंट किया गया तथा स्थायी रिहाई प्रमाण पत्र प्रदान कर उन्हें विदाई दी गई। जेल प्रशासन के अनुसार, गांधी जयंती के अवसर पर प्रतिवर्ष पात्र बंदियों को नियमानुसार विशेष परिहार का लाभ दिया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के विचारों को याद किया गया। जेल प्रशासन ने बताया कि गांधीजी के अहिंसा और सत्य के सिद्धांत समाज को बेहतर दिशा देने में आज भी प्रासंगिक हैं।
इस अवसर पर केंद्रीय जेल नरसिंहपुर की जेल अधीक्षक अदिति चतुर्वेदी पाण्डेय, जेल उप अधीक्षक नरेन्द्र कुमार व्यास, सहायक जेल अधीक्षक एडवर्ड स्वामी, देवेन्द्र मांझी सहित जेल स्टाफ उपस्थित रहा।













