नरसिंहपुर।16 जून 2026 जबलपुर में आयोजित 25वीं पूर्वी जोन अंतर-जिला पुलिस वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता-2026 में नरसिंहपुर पुलिस के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। टीम ने हैंडबॉल और फुटबॉल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान तथा हॉकी और बास्केटबॉल में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भी नरसिंहपुर पुलिस के खिलाड़ियों ने शानदार सफलता हासिल की। प्रधान आरक्षक धर्मेंद्र झारिया ने कुश्ती के 70 एवं 72 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक तथा वेटलिफ्टिंग के 77 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीता। वहीं आरक्षक मनीष सोनकर ने कुश्ती के 74 और 77 किलोग्राम वर्ग सहित वेटलिफ्टिंग 77 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना ने विजेता खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेलकूद शारीरिक और मानसिक क्षमता के साथ अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं। साथ ही खिलाड़ियों को भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर जिले और पुलिस विभाग का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।








