नरसिंहपुर ! 30 सितम्बर 2026
गोटेगांव। गोटेगांव से मुरदई तक सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों और पालकों ने सड़क निर्माण की मांग उठाई है। विद्यार्थियों एवं पालकों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर समस्या के शीघ्र निराकरण की मांग की। वहीं पूर्व राज्यमंत्री जालम सिंह पटेल को भी ज्ञापन सौंपकर सड़क निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई कराने का आग्रह किया गया।
ज्ञापन में विद्यार्थियों ने बताया कि गोटेगांव से मुरदई तक का मार्ग पिछले करीब 4-5 वर्षों से खराब स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण विद्यार्थियों को साइकिल और मोटरसाइकिल से स्कूल आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
विद्यार्थियों और पालकों का कहना है कि खराब सड़क के कारण प्रतिदिन आवागमन में परेशानी होती है। इसका असर विद्यार्थियों की पढ़ाई और दिनचर्या पर भी पड़ रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से सड़क की स्थिति का निरीक्षण कर जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से विद्यार्थियों एवं पालकों ने कहा कि यदि सड़क की समस्या का शीघ्र निराकरण नहीं किया गया तो वे पालकों के साथ धरना देने के लिए मजबूर होंगे।
अब देखना होगा कि विद्यार्थियों की इस मांग पर प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है और गोटेगांव-मुरदई मार्ग के निर्माण को लेकर कब तक ठोस कदम उठाए जाते हैं।








